Inkhabar Haryana, Dog Bite Case in Panipat: हरियाणा के पानीपत जिले में एक ऐसा हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे बाजार में चर्चा का विषय बना दिया है। आमतौर पर जब किसी को आवारा कुत्ता काट लेता है तो लोग पीड़ित की चिंता करने लगते हैं, लेकिन इस बार घटना कुछ अलग ही रही। यहां एक दुकानदार को कुत्ते ने काटा और थोड़ी ही देर बाद कुत्ते की मौत हो गई। इस अनोखी घटना ने न केवल दुकानदार को बल्कि पूरे बाजार के लोगों को हैरानी में डाल दिया है।
कैसे हुई घटना?
जानकारी के मुताबिक, यह मामला पानीपत के महावीर बाजार का है। यहां किराना होलसेल का कारोबार करने वाले दुकानदार ललित बजाज अपनी दुकान के बाहर से बाइक लेकर गुजर रहे थे। उसी दौरान उन्होंने देखा कि दो आवारा कुत्ते आपस में लड़ रहे हैं। चूंकि ये कुत्ते अक्सर ग्राहकों को परेशान करते थे, इसलिए उन्होंने उन्हें हटाने की कोशिश की। इसी दौरान एक कुत्ते ने अचानक ललित को काट लिया।
दुकानदार ने बताया कि घटना के कुछ समय बाद ही आसपास के लोगों ने जानकारी दी कि जिस कुत्ते ने काटा था, उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। यह सुनकर ललित खुद भी घबरा गए और तुरंत इलाज कराने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने उन्हें एहतियात के तौर पर इंजेक्शन लगाए और जांच करने की सलाह दी।
बाजार और लोगों में हैरानी
इस मामले को देखकर बाजार के सभी लोग हैरान हैं। आमतौर पर कुत्ते के काटने के बाद पीड़ित को संक्रमण या अन्य बीमारी का खतरा रहता है, लेकिन इस बार हालात बिल्कुल उलटे हो गए। दुकानदार को काटने के बाद खुद कुत्ते की जान चली गई, जो लोगों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है।
जन सेवा दल की प्रतिक्रिया
जन सेवा दल के पदाधिकारी चमन गुलाटी ने कहा कि प्रदेश में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रोजाना सरकारी अस्पतालों में कुत्तों के काटने के कई मामले आते हैं। लेकिन यह घटना अपने आप में पहली है, जब काटने वाले कुत्ते की ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने दुकानदार को हिमोग्लोबिन का इंजेक्शन लगाया है और फिलहाल उनकी हालत सामान्य है।