Advertisement
Advertisement
होम / Dumping Yard Fire in Nuh: हरियाणा के इस जिले  में डंपिंग यार्ड में लगी भीषण आग, अचानक उठता धुआं और मची अफरा-तफरी

Dumping Yard Fire in Nuh: हरियाणा के इस जिले  में डंपिंग यार्ड में लगी भीषण आग, अचानक उठता धुआं और मची अफरा-तफरी

BY: • LAST UPDATED : June 11, 2025
Inkhabar Haryana, Dumping Yard Fire in Nuh: हरियाणा के नूंह जिले में बुधवार को एक बार फिर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये की तस्वीर सामने आई। नूंह शहर के बाहरी इलाके में स्थित डंपिंग यार्ड में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरा शहर जहरीले धुएं की चपेट में आ गया। इस आग ने प्रशासन की कार्यप्रणाली और नगर परिषद की जिम्मेदारियों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

कब हुई घटना?

बुधवार दोपहर करीब 2 बजे के आसपास नूंह शहर के आसमान में काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। जब स्थानीय लोगों ने इसकी वजह जाननी चाही, तो पता चला कि डंपिंग यार्ड में कूड़े के ढेर में आग लग गई है। देखते ही देखते यह आग इतनी विकराल हो गई कि उसका धुआं पूरे शहर में फैल गया। कई मोहल्लों में लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा के मरीजों को अत्यधिक तकलीफ हुई।

दमकल विभाग और डॉयल-112 की टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और पुलिस की डॉयल-112 की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए घंटों तक मशक्कत जारी रही, लेकिन भीषण लपटों और तेज़ हवाओं के कारण टीम को आग पर काबू पाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पानी की लगातार बौछारें और जेसीबी की मदद से मलबे को हटाकर आग बुझाने का प्रयास किया गया।

Advertisement

डंपिंग यार्ड के आसपास रहने वाले कुछ लोगों ने कैमरे के सामने आने से कतराते हुए चौंकाने वाला दावा किया। उनका कहना है कि यह आग दुर्घटनावश नहीं लगी, बल्कि नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा जानबूझकर कूड़े का निस्तारण करने के लिए उसमें आग लगाई जाती है। उनका आरोप था कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ कूड़े में अक्सर आग लगती रहती है, जिससे पूरे इलाके में प्रदूषण फैलता है।

मीडिया के सवालों से बचते नजर आए चेयरमैन संजय मनोचा

जब इस घटना को लेकर नगर परिषद चेयरमैन संजय मनोचा से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, तो वे मीडिया के सवालों से बचते हुए वहां से निकल गए। न तो उन्होंने घटना की ज़िम्मेदारी ली, न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया। ऐसे में यह साफ़ हो गया कि नगर परिषद इस गंभीर मुद्दे पर जवाबदेही से बचना चाहती है।