




Dussehra Festival: हरयाणा के अंबाला छावनी की श्री राम लीला कमेटी अनाज मंडी, अंबाला छावनी द्वारा इस साल भी गांधी मैदान में दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव शनिवार को होगा, जिसमें खास आतिशबाजी का कार्यक्रम भी रखा गया है। गांधी मैदान में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतले तैयार किए गए हैं, जिन्हें शुक्रवार शाम को खड़ा कर दिया जाएगा।
श्री राम लीला कमेटी के प्रधान सीए सुभाष गोयल ने बताया कि इस कमेटी द्वारा पिछले 80 वर्षों से गांधी मैदान में दशहरा महोत्सव का आयोजन हो रहा है। इसके साथ ही, पिछले 15 साल से जरूरतमंद कन्याओं के विवाह भी करवाए जा रहे हैं। इस साल शुक्रवार को दो जरूरतमंद कन्याओं का विवाह करवाया जाएगा। विवाह के बाद, कमेटी की तरफ से उन्हें घरेलू जरूरत का सामान भेंट किया जाएगा ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें।
शनिवार को दशहरा उत्सव के अवसर पर अनाज मंडी से दोपहर साढ़े तीन बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और उनकी सेना भी शामिल होगी। शोभायात्रा गुड़ बाजार, दाल बाजार, सदर बाजार, विजय रतन चौक और राय मार्केट से होते हुए जगाधरी रोड के रास्ते गांधी मैदान पहुंचेगी। गांधी मैदान में कलाकार मंच की परिक्रमा करेंगे, जहां मुख्य अतिथि के रूप में नवनिर्वाचित विधायक अनिल विज उपस्थित रहेंगे।
इसके बाद राम और रावण के बीच युद्ध का मंचन किया जाएगा, जिसके बाद रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन शाम लगभग सवा छह बजे किया जाएगा। महोत्सव में विशेष आतिशबाजी का आयोजन मेरठ के सरधाना से आए वकील अहमद करेंगे।




