Inkhabar Haryana, Elvish Yadav firing case: फेमस यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विनर एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी इशांत उर्फ ईशू गांधी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच जमकर गोलीबारी हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना का पूरा मामला
17 अगस्त को गुरुग्राम स्थित एल्विश यादव के घर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। उस समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके परिवार के सदस्य अंदर थे। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को भी चोट नहीं लगी। फायरिंग के निशान घर की ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल की दीवारों पर साफ देखे गए। सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की कार्रवाई
फायरिंग कांड के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार को फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने इशांत उर्फ ईशू गांधी को घेर लिया। खुद को बचाने के लिए आरोपी ने पुलिस पर पिस्तौल से आधा दर्जन से ज्यादा गोलियां दागीं, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया।
कनेक्शन राहुल फाजिलपुरिया केस से
इस मामले को हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया पर हुई फायरिंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले महीने राहुल फाजिलपुरिया पर भी बदमाशों ने गोलियां चलाई थीं, जिसकी जिम्मेदारी सुनील सरधानिया ने ली थी। एल्विश यादव और राहुल फाजिलपुरिया आपस में करीबी दोस्त हैं, ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं दोनों मामलों का आपस में कोई सीधा संबंध तो नहीं है।
पुलिस की अगली जांच
पुलिस का कहना है कि आरोपी इशांत से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि उसने एल्विश यादव के घर पर फायरिंग किसके इशारे पर की थी और इसके पीछे क्या वजह थी। वहीं, इस घटना से एक बार फिर हरियाणा में सेलेब्रिटी सिक्योरिटी और गैंगवार के कनेक्शन पर सवाल खड़े हो गए हैं।