Advertisement
Advertisement
होम / Fake travel agents in Haryana: विदेश जाने के नाम पर युवकों से लाखों की ठगी, एयरपोर्ट से एजेंट फरार, जानें पूरा मामला

Fake travel agents in Haryana: विदेश जाने के नाम पर युवकों से लाखों की ठगी, एयरपोर्ट से एजेंट फरार, जानें पूरा मामला

BY: • LAST UPDATED : June 11, 2025
Inkhabar Haryana, Fake travel agents in Haryana: विदेश में बेहतर भविष्य का सपना देख रहे युवाओं और उनके परिजनों को एक बार फिर सतर्क होने की जरूरत है। हरियाणा के यमुनानगर जिले के खेड़ी रंगड़ा गांव से सामने आया ताजा मामला न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कैसे जालसाज झूठे वादों के ज़रिए भोले-भाले लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर ठगा

गांव खेड़ी रंगड़ा के दो युवकों मोहम्मद इकबाल और मोहम्मद अर्शलान को कुछ कथित एजेंटों ने विदेश भेजने का भरोसा दिलाया। एजेंटों ने उन्हें बताया कि ऑस्ट्रेलिया जाने की सारी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़नी है। युवकों और उनके परिजनों ने एजेंटों पर आंख मूंदकर विश्वास किया और अपना सामान तक पैक कर लिया।

दिल्ली एयरपोर्ट से गायब हुए एजेंट

परिजनों के साथ दोनों युवक दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। वहां एजेंटों ने उन्हें पास के एक होटल में रुकने को कहा, यह कहकर कि कुछ औपचारिकताएं बाकी हैं और जल्द ही फ्लाइट की सूचना दी जाएगी। लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनके फोन बंद हो गए और एजेंटों से संपर्क पूरी तरह टूट गया। घंटों इंतजार के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो परिवार को ठगे जाने का एहसास हुआ।

Advertisement

 पुलिस में शिकायत

ठगे जाने के बाद पीड़ित परिवार मायूस होकर गांव लौट आया और मीडिया को अपनी आपबीती बताई। मोहम्मद इकबाल और मोहम्मद अर्शलान ने बताया कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की गई है। उन्होंने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है। स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़ितों ने एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।