Advertisement
Advertisement
होम / Faridabad CM Flying Raid in Sweet Shop: हरियाणा में मशहूर घेवर की दुकान पर सीएम फ्लाइंग की छापेमारी, त्यौहार से पहले मिलावट का किया भंडाफोड़

Faridabad CM Flying Raid in Sweet Shop: हरियाणा में मशहूर घेवर की दुकान पर सीएम फ्लाइंग की छापेमारी, त्यौहार से पहले मिलावट का किया भंडाफोड़

BY: • LAST UPDATED : July 24, 2025

Inkhabar Haryana, Faridabad CM Flying Raid in Sweet Shop: त्योहार सीजन के नजदीक आते ही मिलावटी खाद्य पदार्थों का बाजार गर्म हो जाता है और ऐसे में प्रशासनिक एजेंसियों की जिम्मेदारी और सतर्कता भी बढ़ जाती है। इसी कड़ी में फरीदाबाद के दयालपुर इलाके में स्थित एक मशहूर मिठाई की दुकान पर सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने बड़ी कार्रवाई की।

देसी घी के नाम पर करते थे मिलावट

यह कार्रवाई उस समय हुई जब सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली कि उक्त दुकान पर शुद्ध देसी घी के नाम पर तैयार किए जा रहे घेवर में मिलावट की जा रही है और इस घेवर की बिक्री से दुकान मालिक ने कुछ ही दिनों में लाखों रुपए का कारोबार कर लिया है। सीएम फ्लाइंग की टीम ने फूड सेफ्टी अधिकारी के साथ मौके पर पहुंचकर छापा मारा और दुकान में बनाए जा रहे घेवर समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। टीम ने घेवर की क्वालिटी और उसमें प्रयुक्त घी की शुद्धता को लेकर सैंपलिंग की प्रक्रिया पूरी की।

छापेमारी के दौरान दुकान में ग्राहकों की भीड़ लगी हुई थी और कारीगर तेजी से घेवर तैयार करने में लगे हुए थे। दुकान मालिक ने खुद को बेकसूर बताया और कहा कि वह शुद्ध देसी घी का ही प्रयोग करता है, लेकिन टीम का कहना है कि सच्चाई तो लैब रिपोर्ट के आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

त्योहारों पर मिलावट का बढ़ता खतरा

गौरतलब है कि सावन और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के दौरान घेवर की मांग सबसे अधिक होती है। इस मौसम में मिठाइयों की बिक्री कई गुना बढ़ जाती है, और यही मौका होता है जब कुछ दुकानदार मोटे मुनाफे के लालच में मिलावटी सामग्री का सहारा लेते हैं।

Advertisement

प्रशासन द्वारा बार-बार चेतावनी और सख्ती के बावजूद भी मिलावटखोरी की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। फरीदाबाद में हुई यह छापेमारी भी इसी तरह की एक सतर्कता का उदाहरण है, जिसका उद्देश्य आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

अब रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

सीएम फ्लाइंग और फूड सेफ्टी विभाग की यह संयुक्त कार्रवाई निश्चित ही मिलावटखोरों के लिए एक कड़ा संदेश है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि लैब रिपोर्ट में घेवर और अन्य खाद्य पदार्थों की शुद्धता को लेकर क्या नतीजे सामने आते हैं।

यदि रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होती है, तो दुकान मालिक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जा सकती है। वहीं अगर सैंपल पास हो जाते हैं, तो यह दुकान खुद को पाक-साफ साबित करने में सफल होगी।