Advertisement
Advertisement
होम / Fatehabad House Collapsed: ढह गई 100 साल पुराने मकान की दीवार, प्रशासन की अनदेखी से हुआ लाखों का नुकसान

Fatehabad House Collapsed: ढह गई 100 साल पुराने मकान की दीवार, प्रशासन की अनदेखी से हुआ लाखों का नुकसान

BY: • LAST UPDATED : August 26, 2025
Inkhabar Haryana, Fatehabad House Collapsed: हरियाणा के फतेहाबाद शहर के तहसील चौक इलाके में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां श्याम मंदिर के पिछली गली में बने करीब 100 साल पुराने मकान की दीवार अचानक गिर गई। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दीवार गिरने से पड़ोसी का लाखों रुपये का नुकसान हो गया।

100 साल पुराना मकान बना खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मकान आज़ादी से पहले का बना हुआ है। उस समय यहां पर कुछ परिवार रहते थे, लेकिन बाद में वे यह मकान छोड़कर चले गए। पिछले कई दशकों से मकान खाली पड़ा था और जर्जर हालत में था। वार्ड नंबर 2 के पार्षद प्रतिनिधि मनोज नारंग ने बताया कि पिछले 15 सालों से नगर परिषद को इस मकान को गिराने की शिकायत दी जा रही थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। कई बार स्थानीय निवासियों ने मकान मालिक को भी चेतावनी दी कि जर्जर दीवार कभी भी गिर सकती है, जिससे पड़ोसियों की जान-माल को खतरा है।

मकान मालिक का लापरवाह रवैया

जानकारी के अनुसार मकान मालिक पिछले करीब 20 सालों से राजस्थान के जयपुर इलाके में रह रहा है। स्थानीय निवासियों ने उसे कई बार कहा कि वह इस मकान को तुड़वा दे, लेकिन उनकी बात पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। दीवार गिरने से पड़ोसी के घर और सामान को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा है। प्रभावित परिवार का कहना है कि यह पूरी तरह से नगर परिषद और मकान मालिक की लापरवाही का नतीजा है। अगर समय रहते कार्रवाई की जाती तो यह नुकसान टाला जा सकता था।

Advertisement

स्थानीय लोगों में नाराजगी

घटना के बाद इलाके में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद को जर्जर और खंडहरनुमा मकानों की सूची बनाकर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।