Advertisement
Advertisement
होम / Ganga Dussehra 2025: हरियाणा में गंगा दशहरा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

Ganga Dussehra 2025: हरियाणा में गंगा दशहरा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

BY: • LAST UPDATED : June 5, 2025
Inkhabar Haryana, Ganga Dussehra 2025: गंगा दशहरा के पावन अवसर पर इंद्री क्षेत्र की यमुना नदी के घाटों पर आज आस्था और श्रद्धा का विशाल संगम देखने को मिला। हजारों की संख्या में श्रद्धालु तड़के सुबह से ही यमुना नदी के विभिन्न घाटों पर पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाकर अपने पापों का प्रायश्चित करते हुए मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की।

सुबह से ही शुरू हुआ स्नान का सिलसिला

गंगा दशहरा को लेकर लोगों में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला। सुबह सूरज की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। पूरे इंद्री हलके में यमुना के किनारे बसे घाटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। विशेष रूप से नबियाबाद स्थित गुरुद्वारा के पास बने यमुना घाट पर सबसे अधिक भीड़ उमड़ी, जहां श्रद्धालु पूरे रीति-रिवाजों के साथ यमुना स्नान कर रहे थे।

प्रशासन रहा सतर्क

पिछले वर्षों की घटनाओं से सबक लेते हुए इस बार प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आया। खासकर, बीते वर्ष गंगा दशहरा के दिन एक श्रद्धालु की डूबने से मौत हो गई थी, जिससे सबक लेते हुए इस बार जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। गोताखोरों की टीम घाटों पर तैनात रही, वहीं पुलिस और होमगार्ड के जवानों को भी घाटों पर विशेष ड्यूटी पर लगाया गया।

Advertisement

गहरे पानी वाले स्थानों को किया गया चिन्हित

प्रशासन द्वारा उन स्थानों को पहले ही चिन्हित कर लिया गया था, जहां यमुना का पानी अत्यधिक गहरा है। ऐसे इलाकों में बेरिकेटिंग की गई और लोगों को वहां जाने से रोका गया। लगातार माइक पर घोषणा कर श्रद्धालुओं को सचेत किया जा रहा था कि वे केवल सुरक्षित क्षेत्र में ही स्नान करें। गंगा दशहरा के इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक संगठनों और स्थानीय संस्थाओं द्वारा भंडारे, चाय-पानी और प्राथमिक चिकित्सा शिविर भी लगाए गए। कई श्रद्धालुओं ने घाटों पर पूजा-अर्चना की और पुरोहितों से विधिवत पूजा करवाई।