Inkhabar Haryana, Gaurav Gautam viral video: हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं। यह वीडियो पलवल जिले के ईश्वर नगर क्षेत्र का है, जहां मंत्री महोदय एक नई गली के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे। लेकिन कार्यक्रम का माहौल तब बदल गया जब स्थानीय महिलाएं अपनी नाराजगी जताने के लिए एकत्र हो गईं और खुलेआम मंत्री के सामने सवालों की बौछार कर दी।
नाराज महिलाओं ने जताई नाराजगी
कार्यक्रम स्थल पर मौजूद महिलाओं का आरोप था कि मंत्री सिर्फ अपने समर्थकों की गलियां बनवा रहे हैं, जबकि ईश्वर नगर की एक गली कई सालों से खस्ताहाल है। उस गली में बारिश का पानी भर जाता है, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी होती है। नाराज महिलाएं इतने तीखे अंदाज में मंत्री से सवाल कर रही थीं कि मौके पर मौजूद भाजपा पदाधिकारी और पार्षद उन्हें शांत करने में जुट गए, लेकिन महिलाएं झुकने को तैयार नहीं हुईं।
नई बहू को भी दाल-चीनी ढूंढने में 6 महीने लगते हैं- मंत्री
महिलाओं की खरी-खोटी सुनने के बाद जब खेल मंत्री गौरव गौतम खुद मंच पर पहुंचे तो उन्होंने सधा हुआ लेकिन चौंकाने वाला जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब नई बहू घर आती है, तो उसे भी दाल-चीनी ढूंढने में 6 महीने लग जाते हैं। मैं मानता हूं कुछ कमियां हैं, लेकिन हर काम को समय लगता है। मैं आपसे वोट लेकर विधायक बना हूं, इसलिए आपको भरोसा दिलाने आया हूं।
हालांकि, महिलाओं का गुस्सा इस सफाई से कम नहीं हुआ। उन्होंने दो टूक कहा कि उन्हें अब मंत्री के किसी वादे पर भरोसा नहीं है, क्योंकि पिछली बार भी कई आश्वासन दिए गए थे, लेकिन नतीजा शून्य रहा।
कार्यक्रम से पहले ही शुरू हुआ हंगामा
गौर करने वाली बात यह है कि मंत्री के कार्यक्रम में पहुंचने से पहले ही पार्षद और भाजपा पदाधिकारी महिलाओं को मनाने में जुटे थे। जिला महामंत्री जयराम प्रजापति और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं पूरी तैयारी के साथ आई थीं। बातचीत का लहजा तल्ख था, और महिलाएं साफ कह रही थीं कि पार्षद और मंत्री दोनों उनके किसी काम के नहीं हैं।
एक महिला ने कहा कि उस दिन से बोल रहे थे आंटी, आज तक एक ट्रॉली मिट्टी तक नहीं डलवाई गई। पार्षद मर गया, मंत्री मर गया हमारे लिए। इस पर भाजपा पदाधिकारी बस यह कहते नजर आए कि बनेगा, बनेगा… सब बनेगा।
मंत्री के पुराने वादों पर भी उठे सवाल
गौरव गौतम की कार्यप्रणाली पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। जून 2025 में अंबाला कैंट में 40 करोड़ की लागत से बने ऑल वेदर स्विमिंग पूल को शुरू कराने के लिए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने खुद उन्हें फोन किया था। विज ने 9 जून को खिलाड़ियों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए गौतम से कहा था कि शाम तक पूल शुरू करवा दिया जाए। लेकिन दो महीने बीत जाने के बावजूद स्विमिंग पूल चालू नहीं हो सका। खेल विभाग की तरफ से स्टाफ की कमी इसका प्रमुख कारण बताई जा रही है।
पहली बार विधायक बनते ही मंत्री की कुर्सी तक पहुंचे गौरव गौतम
गौरव गौतम पहली बार पलवल से विधायक बने हैं और उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के रिश्तेदार और कांग्रेस के दिग्गज नेता करण दलाल को पराजित किया। पांच बार विधायक रहे दलाल को हराने के इनाम के तौर पर उन्हें नायब सैनी सरकार में मंत्री पद मिला। 36 वर्षीय गौतम न केवल सरकार के सबसे युवा मंत्री हैं, बल्कि वह भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन के सहयोगी भी रह चुके हैं। राजनीति में उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव के रूप में कदम रखा और दिल्ली की बजाय हरियाणा की राजनीति को चुना।