Grain Market: हरियाणा में राइस मिलरों की हड़ताल के कारण किसानों को कई दिनों से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। धान की खरीद रुक जाने से मंडियों में अनाज के ढेर लग गए थे, जिससे किसान परेशान और नाराज हो गए थे। किसान अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों में लगातार पहुंच रहे थे, लेकिन खरीद न होने के कारण उन्हें मायूसी का सामना करना पड़ा।
हालांकि, बुधवार को हरियाणा शैलर एसोसिएशन के राज्य प्रधान हंसराज सिंगला ने यह घोषणा की कि किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए राइस मिलरों की हड़ताल खत्म कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अब धान की खरीद सुचारु रूप से शुरू की जाएगी। इसी के साथ, हरियाणा मिलर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन के राज्य प्रधान अमरजीत छाबड़ा ने भी हड़ताल समाप्त करने की पुष्टि की। उनका कहना था कि मंडियों में धान की आवक बढ़ने और उठान की समस्या के कारण राइस मिलरों को हड़ताल खत्म करने का फैसला लेना पड़ा।
इससे पहले, कई जिलों में किसान नाराज होकर प्रदर्शन कर रहे थे। कैथल के कलायत, कुरुक्षेत्र और इंद्री समेत कई स्थानों पर किसानों ने मंडियों में विरोध प्रदर्शन किया। कैथल की अनाज मंडी में तो किसानों ने मंडी के गेट पर ताला भी जड़ दिया था। इसके अलावा, कुरुक्षेत्र और इस्माईलाबाद में किसानों ने सड़कों पर जाम लगाकर अपना विरोध दर्ज किया था।
अब जब राइस मिलरों ने हड़ताल समाप्त कर दी है, उम्मीद है कि वीरवार से धान की खरीद पूरी तरह से चालू हो जाएगी। नई सरकार से राइस मिलरों को उम्मीद है कि उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा और किसानों को अब और अधिक परेशान नहीं होना पड़ेगा।
Haryana Election Results 2024: सीएम नायब सिंह सैनी पहुंचे नड्डा आवास, हरियाणा बीजेपी की हुई बैठक