Advertisement
Advertisement
होम / Gurugram News: गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम का एक्शन, कूड़े की समस्या पर सख्ती

Gurugram News: गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम का एक्शन, कूड़े की समस्या पर सख्ती

BY: • LAST UPDATED : December 14, 2024
Inkhabar Haryana, Gurugram News: गुरुग्राम जिसे देश की साइबर सिटी कहा जाता है, आजकल कूड़े के ढेरों की वजह से चर्चा में है। शहर के विभिन्न हिस्सों में फैले कचरे ने न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित किया है, बल्कि स्थानीय निवासियों को भी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए हाल ही में हुई जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए सख्त निर्देश दिए।

डंपिंग यार्ड से लेकर सदर बाजार तक निरीक्षण

इस आदेश के बाद नगर निगम आयुक्त अशोक कुमार गर्ग ने तुरंत एक्शन लेते हुए गुरुग्राम के विभिन्न इलाकों का दौरा किया और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उनके साथ जोन 1 के संयुक्त आयुक्त प्रदीप कुमार, जोन 2 के संयुक्त आयुक्त डी.एस. खत्री, वरिष्ठ सफाई निरीक्षक संदीप कुमार, सहायक अभियंता प्रेमसिंह और नईम हुसैन भी मौजूद रहे।

नगर निगम आयुक्त ने सबसे पहले बेरीवाला बाग स्थित डंपिंग यार्ड का दौरा किया। इसके बाद वह सदर बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने कचरा फैलाने वाले और अवैध रूप से रेहड़ी लगाने वालों को सख्त निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने सेक्टर-12 में जगह-जगह फैले कचरे के ढेर को जल्द हटवाने के आदेश दिए।

Advertisement

कूड़ा फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान अशोक कुमार गर्ग ने अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए न केवल अधिकारियों को सख्ती से काम करना होगा, बल्कि नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। नगर निगम अब कचरा फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। उनकी टीम जगह-जगह मालवा और कचरा फेंकने वालों के चालान काट रही है।

नागरिकों से अपील

अशोक कुमार गर्ग ने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने शहर को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि लोग जगह-जगह कचरा फेंकने से बचें और कूड़ा निस्तारण के लिए सही प्रक्रिया अपनाएं।