




Inkhabar Haryana, Gurugram News: हरियाणा राज्य में महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण को प्रोत्साहन देने के लिए एक अहम कदम उठाया गया है। गुरुग्राम के सेक्टर 14 स्थित राजकीय महिला कॉलेज में पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड और हरियाणा राज्य सीएसआर ट्रस्ट के बीच एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस एमओयू के तहत गुरुग्राम के राजकीय महिला कॉलेज में 100 बिस्तरों वाले गर्ल्स हॉस्टल और एक शिक्षण ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, विभिन्न प्रकार के आईटी उपकरण, चिकित्सा उपकरण, और संगीत उपकरणों की आपूर्ति भी की जाएगी। इस प्रोजेक्ट पर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
यह परियोजना विशेष रूप से महिला-केंद्रित है, जिसका उद्देश्य गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों की बेटियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने करियर को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही, यह परियोजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में हरियाणा सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस समझौते पर पावरग्रिड कॉर्पोरेशन के जनरल मैनेजर अशोक कुमार मिश्रा और गुरुग्राम के जिला उपायुक्त अजय कुमार ने हस्ताक्षर किए। MOU पर हस्ताक्षर के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि पावरग्रिड के सीएसआर फंड के जरिए इस परियोजना को कार्यान्वित किया जाएगा।




