Inkhabar Haryana, Gurugram Road Accident: हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार सुबह CET परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार एक कार ने दोनों जवानों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे 20 मीटर दूर सड़क पर जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। यह घटना एमजी रोड स्थित M3M बिल्डिंग के सामने हुई, जब ट्रैफिक जाम हटाने में व्यस्त जवानों को पीछे से एक तेज रफ्तार किआ सेल्टोस कार ने टक्कर मारी।
कैसे हुआ हादसा?
हादसे का समय था शनिवार सुबह, जब CET परीक्षा को लेकर पूरे राज्य में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक कंट्रोल की ड्यूटी लागू थी। ट्रैफिक पुलिसकर्मी रोहित और हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत नियुक्त कौशल परीक्षा केंद्र के पास एमजी रोड पर ट्रैफिक जाम को क्लियर कराने में लगे थे। जाम की वजह एक वाहन का टायर पंक्चर होना बताया गया, जिससे इफ्को चौक से एमजी रोड की ओर लंबा जाम लग गया था।
दोनों जवान एक ही बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे ताकि उस पंक्चर वाहन को हटवाकर जाम खुलवाया जा सके। उसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार लाल रंग की किआ सेल्टोस कार पीछे से आई और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से सड़क पर उछलकर गिरे पुलिसकर्मी
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक समेत दोनों जवान करीब 20 मीटर दूर सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तत्काल सहायता की और दोनों घायलों को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। सिपाही रोहित की पसलियां टूट गईं, जबकि कौशल को सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। शुरुआत में दोनों को पारस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गुरुग्राम के पार्क अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद चालक फरार
हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर DLF फेज-2 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके। अब तक प्राथमिक जांच में कार की पहचान हो गई है, और पुलिस जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक जोनल अधिकारी अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।