Advertisement
Advertisement
होम / Hansi News: हांसी में बिजली निगम कर्मचारियों का आंदोलन तेज, अधिकारियों के घेराव की चेतावनी

Hansi News: हांसी में बिजली निगम कर्मचारियों का आंदोलन तेज, अधिकारियों के घेराव की चेतावनी

BY: • LAST UPDATED : May 8, 2025
Inkhabar Haryana, Hansi News: हरियाणा के हांसी में बिजली निगम कर्मचारियों का धरना लगातार तेज़ होता जा रहा है। करीब 20 दिनों से भिवानी रोड और रेलवे रोड स्थित बिजली निगम कार्यालयों के बाहर बैठे कर्मचारी अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। स्टाफ की भारी कमी, उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान न होना और अधिकारियों की अनदेखी के चलते यूनियन पदाधिकारियों ने अब एक्सईएन (XEN) और एसडीओ (SDO) कार्यालयों का घेराव करने की चेतावनी दी है।

स्टाफ की कमी बनी वजह

हांसी बिजली निगम में पिछले कुछ महीनों से स्टाफ की भारी कमी चल रही है। शिकायत केंद्रों पर भी पर्याप्त कर्मचारी मौजूद नहीं हैं, जिससे उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो बिजली निगम यूनियन के पदाधिकारियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया।

करीब 20 दिन पहले कर्मचारियों ने भिवानी रोड और रेलवे रोड स्थित निगम कार्यालयों के बाहर धरना देना शुरू किया। यह धरना शांतिपूर्वक तरीके से चल रहा है, लेकिन अब यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो वे प्रशासनिक अधिकारियों का घेराव करेंगे।

Advertisement

बैठक में घेराव का लिया गया निर्णय

वीरवार को यूनियन की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। यूनियन पदाधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि उन्होंने अपनी मांगें बार-बार अधिकारियों के समक्ष रखी हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला है। यदि अब भी समाधान नहीं निकला तो अगले एक-दो दिनों में वे एक्सईएन और एसडीओ कार्यालयों का घेराव करेंगे।

उपभोक्ता भी हो रहे हैं परेशान

इस आंदोलन का असर उपभोक्ताओं पर भी पड़ रहा है। स्टाफ की कमी के कारण शिकायतें लंबित पड़ी हैं और बिजली समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो रहा। इससे हांसी के नागरिकों में भी नाराज़गी देखी जा रही है। बिजली निगम के इस लंबे चले आ रहे आंदोलन पर अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कर्मचारी लगातार काम पर लौटने को तैयार हैं, लेकिन उनका कहना है कि जब तक स्टाफ की कमी दूर नहीं होती और उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जाता, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे।