




जिला उपायुक्त ने सबसे पहले बस अड्डा परिसर में बने रैन बसेरे का दौरा किया। उन्होंने वहाँ मौजूद मुसाफिरों से बातचीत कर उनके रहने और खाने की सुविधाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों के लिए गर्म बिस्तर, रजाई और भोजन जैसी आवश्यक सुविधाओं की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

हरीश कुमार वशिष्ठ ने किया बस अड्डा परिसर का निरीक्षण
बस अड्डा परिसर में महिलाओं के लिए अलग से रैन बसेरा बनाया गया है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं। यह सुनिश्चित किया जाए कि रात में महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा या असुरक्षा का सामना न करना पड़े।

महिलाओं के लिए अलग रैन बसेरा
इसके बाद उपायुक्त ने रेलवे स्टेशन और जाट धर्मशाला में बनाए गए रैन बसेरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की सुविधाओं को जांचा और मुसाफिरों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कंबल भी वितरित किए। उन्होंने अधिकारियों को ठंड के मौसम में रैन बसेरों की देखरेख और सफाई व्यवस्था को नियमित रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सर्दी के इस मौसम में मुसाफिरों को राहत देने के लिए रैन बसेरे बनाए गए हैं। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि इन रैन बसेरों में ठहरने वालों को सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। औचक निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड में असुविधा का सामना न करे।




