Advertisement
Advertisement
होम / Harkirt Singh Release: पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़े गए हरियाणा के हरकीरत सिंह को STF ने किया रिहा, जांच में आरोप नहीं हुए साबित

Harkirt Singh Release: पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़े गए हरियाणा के हरकीरत सिंह को STF ने किया रिहा, जांच में आरोप नहीं हुए साबित

BY: • LAST UPDATED : May 19, 2025
Inkhabar Haryana, Harkirt Singh Release: हरियाणा के कुरुक्षेत्र से पकड़े गए हरकीरत सिंह को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के संदेह में हिरासत में लिया गया था, लेकिन जांच के बाद उनके खिलाफ लगाए गए किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं हो सकी। हिसार एसटीएफ ने गहन पूछताछ और सभी तथ्यों की जांच करने के बाद रविवार देर रात उन्हें रिहा कर दिया। हरकीरत सिंह हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (HSGMC) में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं और कुरुक्षेत्र से पाकिस्तान जाने वाले श्रद्धालुओं का वीजा लगवाने की जिम्मेदारी निभाते हैं।

क्या हैं पूरा मामला?

हरकीरत सिंह को शनिवार रात कुरुक्षेत्र के श्याम कॉलोनी इलाके से हरियाणा पुलिस की एसटीएफ टीम ने हिरासत में लिया। उनके पिता सुखबीर सिंह, जो कैंसर से पीड़ित हैं, ने बताया कि पुलिस के छह अधिकारी रात में घर पहुंचे और हरकीरत को अपने साथ ले गए। यह पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हरकीरत पर आरोप था कि वे पाकिस्तानी उच्चायोग के एक अधिकारी दानिश के संपर्क में थे और हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से भी उनका संबंध था। यही नहीं, यह भी आरोप लगाए गए कि उन्होंने पाकिस्तान यात्रा के दौरान दानिश को धार्मिक सम्मान स्वरूप सिरोपा भेंट किया था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं।

जांच के बाद रिहाई

हिसार STF द्वारा की गई पूछताछ में सामने आया कि हरकीरत की पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी से मुलाकात एक आधिकारिक प्रक्रिया के तहत हुई थी। HSGMC की ओर से उन्हें संगत का वीजा लगवाने की जिम्मेदारी दी गई थी और इसी सिलसिले में वे पाकिस्तानी दूतावास जाया करते थे। दानिश से उनकी मुलाकात इसी प्रक्रिया का हिस्सा थी, जिसे गैरकानूनी नहीं माना गया। पूछताछ में यह भी स्पष्ट हुआ कि उनका यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से कोई संपर्क नहीं था। एसटीएफ ने सभी बिंदुओं की जांच करते हुए हरकीरत के बयान दर्ज किए और कोई ठोस सबूत न मिलने पर उन्हें रिहा कर दिया।

Advertisement

करतारपुर साहिब के लिए जत्था और संदिग्ध आरोप

बैसाखी पर्व के अवसर पर हरकीरत सिंह ने 300 से अधिक श्रद्धालुओं का जत्था कुरुक्षेत्र से पाकिस्तान स्थित करतारपुर साहिब के लिए रवाना किया था। कुछ सूत्रों के अनुसार, इस जत्थे में कथित तौर पर कुछ संदिग्ध लोग भी शामिल थे जिन्हें पाकिस्तान भेजा गया, लेकिन इस दावे की भी पुष्टि नहीं हो सकी है।