




Haryana Assembly Elections: हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर हैट्रिक बनाई है। भाजपा को कुल 48 सीटें मिलीं और उसने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई। वहीं कांग्रेस को 37 सीटें मिलीं और सत्ता से महज 0.18 फीसदी वोटों के अंतर से दूर रह गई। कुल 2,03,54,350 मतदाताओं में से 1,24,88,689 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
भाजपा को 39.94 फीसदी (55,48,800) और कांग्रेस को 39.09 फीसदी (54,30,602) वोट मिले। हालांकि भाजपा ने अधिक वोटों के साथ बहुमत पाया, कांग्रेस के कई प्रत्याशी बेहद कम अंतर से हार गए। नौ सीटों पर कांग्रेस मामूली वोटों के अंतर से दूसरे स्थान पर रही, जिनमें सात सीटें भाजपा और दो सीटें इनेलो ने जीतीं।
उचाना कलां सीट पर भाजपा के देवेंद्र अत्री ने कांग्रेस उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह को मात्र 34 वोटों से हराया। इसी तरह डबवाली सीट पर कांग्रेस के अमित सिहाग को इनेलो के आदित्य देवीलाल से 610 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। दादरी सीट पर भाजपा के सुनील सांगवान ने कांग्रेस की मनीषा सांगवान को 1957 वोटों से हराया।
अन्य सीटों पर भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। असंध सीट पर भाजपा के योगिंदर सिंह राणा ने शमशेर सिंह गोगी को 2306 वोटों से हराया, जबकि होडल सीट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान को 2595 वोटों से भाजपा के हरिंदर सिंह ने मात दी। महेंद्रगढ़ सीट पर भाजपा के कंवर सिंह ने राव दान सिंह को 2648 वोटों से पराजित किया।




