




Inkhabar Haryana, Haryana Assembly Monsoon Session 2025: हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक ऐतिहासिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों के दौरान जिन लोगों ने हरियाणा में अपनी जान गंवाई थी, उनके परिजनों को अब सरकार सरकारी नौकरी उपलब्ध कराएगी। इस फैसले से राज्य के उन परिवारों को राहत मिलेगी, जो करीब चार दशकों से न्याय और सम्मान की उम्मीद लगाए हुए थे।
मुख्यमंत्री सैनी ने सदन में स्पष्ट किया कि 1984 के दंगों में हरियाणा के 121 लोग मारे गए थे और अब इन 121 परिवारों के वर्तमान सदस्य, उनकी सहमति और प्राथमिकता के आधार पर, सरकारी नौकरी प्राप्त करेंगे। यह कदम सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा निर्णय माना जा रहा है।
दिल्ली समेत पूरे देश में फैले 1984 के सिख विरोधी दंगों ने हरियाणा को भी गहरे जख्म दिए थे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान राज्य में न केवल 121 लोगों की मौत हुई, बल्कि सैकड़ों परिवार उजड़ गए। 20 गुरुद्वारे, 221 मकान, 154 दुकानें, 57 फैक्ट्रियां, 3 रेल डिब्बे और 85 वाहन दंगाइयों द्वारा जला दिए गए थे।




