Inkhabar Hayrana, Haryana Budget Session 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बजट सत्र के दौरान महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। खासकर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए “लाडो लक्ष्मी योजना” शुरू करने की घोषणा की गई है, जिसके तहत महिलाओं को हर महीने ₹2100 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, महिला एवं बाल विकास के लिए सरकार ने कई योजनाओं की शुरुआत की है, जिनके लिए बजट में बड़ा प्रावधान किया गया है।
महिला एवं बाल विकास के लिए बड़े फैसले
हरियाणा सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 में महिला एवं बाल विकास के बजट को 36.1% बढ़ाकर ₹1372.10 करोड़ कर दिया है। इस बढ़े हुए बजट का उपयोग विभिन्न योजनाओं को लागू करने में किया जाएगा।
महिलाओं के लिए प्रमुख घोषणाएं
- लाडो लक्ष्मी योजना – इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹2100 की आर्थिक सहायता मिलेगी। इसके लिए ₹5000 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
- महिला व्यापार सशक्तिकरण – सरकारी संस्थानों, पंचायतों, शहरी निकायों और शैक्षणिक संस्थानों में चलने वाली कैंटीनों के 1/3 टेंडर महिला स्वयं सहायता समूहों को दिए जाएंगे।
- कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास – पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, फरीदाबाद और गुरुग्राम में कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास बनाए जाएंगे।
- किशोरी योजना का विस्तार – नूंह जिले में चल रही इस योजना को अब पूरे हरियाणा के 22 जिलों में लागू किया जाएगा, जिसके लिए ₹60 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि दी जाएगी।
- पोषण सुधार योजना – कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए ₹2 करोड़ की अतिरिक्त राशि खर्च की जाएगी, जिससे 80,000 बच्चों को लाभ मिलेगा।
- आंगनबाड़ी केंद्रों का उन्नयन – 2000 आंगनबाड़ी केंद्रों को प्ले स्कूल में बदला जाएगा, जबकि 2000 केंद्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में परिवर्तित किया जाएगा। इसके लिए ₹81.63 करोड़ का प्रावधान किया गया है।