Inkhabar Haryana, Haryana Budget Session 2025: हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए इसे सामाजिक सौहार्द और आपसी प्रेम का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें एकता और भाईचारे का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हरियाणा की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह दिन उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि ठीक एक साल पहले उन्हें राज्य की सेवा करने का अवसर मिला था।
हरियाणा की जनता ने सरकार पर जताया भरोसा
सीएम नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में गवर्नर एड्रेस पर चर्चा के दौरान कहा कि जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तब कई लोगों ने सरकार के स्थायित्व को लेकर सवाल उठाए थे। लेकिन हरियाणा की जनता के विश्वास ने यह साबित कर दिया कि उनकी सरकार जनता के समर्थन से मजबूती से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह विश्वास केवल इस सदन का नहीं था, बल्कि पूरे हरियाणा के लोगों का था, और मुझे खुशी है कि जनता ने इसे बनाए रखा है।
निकाय चुनाव में जीत पर जताया आभार
सीएम ने हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों के परिणामों पर खुशी जताते हुए कहा कि जनता ने उनकी सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बिना भेदभाव के कार्य कर रही है और इसका परिणाम हमें नगर निकाय चुनावों में देखने को मिला है। पहली बार ऐसा हुआ है कि हरियाणा की जनता ने लगातार तीसरी बार हमें आशीर्वाद दिया है। उन्होंने आगे कहा कि इन चुनावों के नतीजे यह दर्शाते हैं कि हरियाणा में ‘डबल इंजन सरकार’ अब ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ बन गई है। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में विपक्ष द्वारा की गई आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा कि आलोचना करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन उन्हें अपनी पिछली सरकार की भी समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग आज हमारी सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें अपने कार्यकाल की भी समीक्षा करनी चाहिए। सीएम ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि उनकी सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए हरियाणा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि तुम्हारे पांव के नीचे कोई जमीन नहीं है, कमाल तो यह है कि फिर भी तुम्हें यकीन नहीं है।