Inkhabar Haryana, Haryana Cyber Police Action on Gun Culture : हरियाणा में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने की दिशा में सरकार और पुलिस प्रशासन ने बड़ी पहल की है। CM सैनी के निर्देशानुसार, हरियाणा पुलिस को अपराधियों के खिलाफ फ्री हैंड दिए जाने के बाद अब साइबर पुलिस भी तेजी से एक्शन मोड में आ चुकी है। प्रदेश में बढ़ते गन कल्चर और इसके प्रचार-प्रसार पर रोक लगाने के लिए हरियाणा साइबर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है।
गन कल्चर के गानों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी
हरियाणा साइबर पुलिस ने घोषणा की है कि वे गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों के यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया अकाउंट्स को फ्रीज करेंगे। इस पहल का नेतृत्व SP साइबर हरियाणा अमित दहिया कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि साइबर पुलिस ने एक विशेष सोशल मीडिया पेट्रोलिंग टीम का गठन किया है, जो यूट्यूब, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखेगी।
अमित दहिया ने कहा कि जो भी गायक या व्यक्ति अपने गानों और वीडियो में अपराध, हिंसा या गन कल्चर को बढ़ावा देते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पहले उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। अगर वे सहयोग नहीं करते, तो उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स बंद कर दिए जाएंगे और कानूनी कार्रवाई होगी।
प्रसिद्ध गायकों पर भी होगी कार्रवाई
हरियाणा साइबर पुलिस के निशाने पर कई बड़े और प्रसिद्ध गायक भी हैं। SP ने कहा कि टीम द्वारा गानों के लिरिक्स, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की गहन जांच की जा रही है। जो गाने समाज में अपराध को बढ़ावा देते हैं, उन्हें हटाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि हमने उन गानों और वीडियो का डाटा निकाला है, जिनमें गैरकानूनी गतिविधियां या अभद्र शब्दावली का प्रयोग किया गया है। इन गानों को बनाने वाले म्यूजिक डायरेक्टर, कंपोजर और सिंगर्स को नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा। अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तो उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी सख्त निगरानी
सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो डालने और अपराध को ग्लोरीफाई करने वाले लोगों पर भी पुलिस सख्त हो रही है। पुलिस ने ऐसे लोगों की सूची तैयार कर ली है, जो अवैध तरीके से हथियारों का प्रदर्शन करते हैं या गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त हैं। इन लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को बंद किया जाएगा।
गानों की सामग्री पर विशेष ध्यान
SP साइबर अमित दहिया ने कहा कि पुराने और नए, सभी गानों की समीक्षा की जाएगी। जिन गानों में अभद्र भाषा या अपराध को बढ़ावा देने वाले तत्व पाए जाएंगे, उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। अगर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो म्यूजिक इंडस्ट्री के संबंधित लोगों को कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा।