Inkhabar Haryana, Haryana Municipal Election 2025: हरियाणा में आगामी निकाय चुनावों के मद्देनज़र कांग्रेस पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। रविवार को गुरुग्राम के कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इस घोषणा पत्र को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं द्वारा सार्वजनिक किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव, प्रभारी करण दलाल समेत अन्य प्रमुख नेताओं ने इस अवसर पर उपस्थिति दर्ज कराई। कांग्रेस ने इस घोषणा पत्र को जनता की समस्याओं के गहन अध्ययन और व्यापक विमर्श के बाद तैयार किया है।
10 साल में भी सरकार मूलभूत सुविधाएं नहीं दे पाई: हुड्डा
इस अवसर पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जनता कांग्रेस का मेयर व अधिक से पार्षद चुनकर सदन में भेजे। गुरुग्राम के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने घोषणा पत्र सांझा करते हुए कहा कि नगर निगम, गुरुग्राम चुनाव-2025 के कांग्रेस का यह घोषणा पत्र स्थानीय मुद्दों, समस्याओं पर आधारित है। 10 साल से भाजपा की सरकार के शासन में गुरुग्राम में वे मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पाई, जिनके वायदे करके भाजपा सत्ता में आई है। नगर निगम पर भी भाजपा काबिज रही, लेकिन तस्वीर नहीं बदली। कांग्रेस पार्टी अपने घोषणा पत्र के माध्यम से गुरुग्राम की जनता से यह वायदा करती है कि गुरुग्राम की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया जाएगा। हर समस्या का तय समय में समाधान, हर सुविधा विश्वस्तरीय दी जाएगी।
भाजपा सरकार 100 दिन में ही हो गई है विफल: उदयभान
प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि भाजपा सरकार अपने पहले 100 दिन में ही विफल हो गई है। वैसे तो सरकार 10 साल से ही विफल रही है, लेकिन सीएम नायब सिंह सैनी सिर्र्फ घोषणाओं तक सीमित रहे गए हैं। धरातल पर योजनाओं पर कोई काम नहीं हो रहा। उन्होंने घोषणा पत्र पर कहा कि कांग्रेस का निकाय चुनाव का घोषणा पत्र व्यापक पैमाने पर तैयार किया गया है। जनहित से जुड़े हर विषय को इसमें छुआ गया है। जनता की समस्याओं का बारीकी से अध्ययन करते हुए घोषणा पत्र तैयार किया गया है। उन्होंने गुरुग्राम की जनता से अपील की कि निकाय चुनाव में कांगेे्रस का मेयर व पार्षद चुनकर विकास की राह आसान बनाएं।
मेयर प्रत्याशी ने पढ़ा गुरुग्राम का घोषणा पत्र
गुरुग्राम की कांग्रेस मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा ने गुरुग्राम के लिए विशेष घोषणाएं पढ़कर सुनाईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही गुरुग्राम को गंदगी मुक्त कर स्वच्छता की स्थायी सौगात दी जाएगी। इसके लिए डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को प्रभावी बनाया जाएगा और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। नगर निगम कार्यालयों में विंडो सिस्टम को सरल और प्रभावी बनाया जाएगा ताकि नागरिकों को सुविधाएं आसानी से मिल सकें।
योजनाएं और प्रमुख सुधार
- स्वच्छता अभियान: गंदगी निस्तारण के लिए विशेष स्थान निर्धारित किए जाएंगे और शहरभर में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
- जल निकासी एवं सीवरेज सुधार: पुराने नालों को साफ और पक्का किया जाएगा ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।
- स्वास्थ्य सुविधाएं: गुरुग्राम के सिविल अस्पताल का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा और सेक्टर-10 सिविल अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
- सड़क और यातायात सुधार: सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा, प्रमुख चौराहों का सौंदर्यकरण होगा और यातायात जाम की समस्या का समाधान किया जाएगा।
- स्मारक और सौंदर्यीकरण: महापुरुषों की प्रतिमाएं लगाई जाएंगी, गुरु द्रोणाचार्य पार्क और म्यूजियम का निर्माण किया जाएगा।
- सुरक्षा व्यवस्था: सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे।
- पार्किंग व्यवस्था: मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया जाएगा ताकि वाहनों की बढ़ती संख्या से उत्पन्न समस्या का समाधान हो सके।
- बेसहारा पशुओं की देखभाल: सड़कों से बेसहारा पशुओं को हटाकर गौशालाओं में भेजा जाएगा।
- महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष सुविधाएं: सार्वजनिक स्थानों पर ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
- वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योजनाएं: वरिष्ठ नागरिकों को घर बैठे सुविधाएं दी जाएंगी और शहर में सार्वजनिक स्थानों पर पीने के पानी के लिए वाटर कूलर लगाए जाएंगे।
नागरिकों से अपील
कांग्रेस नेताओं ने गुरुग्राम सहित पूरे हरियाणा के मतदाताओं से अपील की कि वे कांग्रेस के मेयर और पार्षद उम्मीदवारों को समर्थन दें ताकि विकास को गति दी जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस की जीत के बाद शहर के प्रत्येक वार्ड में जनसमस्याओं को सुना जाएगा और उनका समयबद्ध समाधान किया जाएगा।