Inkhabar Haryana, Haryana People Reaction on ceasefire: भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव अब थमता दिख रहा है। दोनों देशों की ओर से हो रहे हमलों पर विराम लग चुका है, जिससे पूरे देश के साथ-साथ हरियाणा के सिरसा जिले में भी राहत की लहर है। युद्ध की संभावनाओं के बीच शांति की बहाली ने आम जनता को राहत दी है। इंडिया न्यूज़ हरियाणा के संवाददाता विजय कुमार ने सिरसा की जनता से बातचीत की, जिसमें लोगों ने स्पष्ट रूप से युद्ध के खिलाफ अपनी राय रखी और सरकार के फैसले का समर्थन किया।
युद्ध नहीं हुआ तो अच्छा हुआ
सिरसा के नागरिकों का मानना है कि युद्ध से दोनों देशों को भारी नुकसान हो सकता था, और आम जनता ही इसकी सबसे बड़ी शिकार बनती। लोगों ने कहा कि इस बार केंद्र सरकार ने संयम का परिचय दिया और युद्ध के बजाय कूटनीति को प्राथमिकता दी, जो सराहनीय है। हालांकि शांति की कोशिशों के बावजूद सिरसा की जनता पाकिस्तान पर भरोसा नहीं कर पा रही है। लोगों ने कहा कि पाकिस्तान ने पहले भी युद्धविराम के बाद धोखा दिया है, और अगर उसने दोबारा हमला किया, तो भारत उसे मुंहतोड़ जवाब देगा। उनका कहना है कि पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, वरना शांति कायम नहीं रह पाएगी।
लोगों को सेना पर गर्व
जनता ने भारतीय सेना के साहस और जवाबी कार्रवाई की भी प्रशंसा की। लोगों का कहना है कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान को मुँहतोड़ जवाब दिया है, जिससे देश का मनोबल ऊँचा हुआ है। हर भारतीय को अपनी सेना पर गर्व है। जनता ने केंद्र सरकार के युद्ध नहीं करने के फैसले को समझदारीपूर्ण और संतुलित बताया। लोगों का कहना है कि बातचीत और कूटनीति से ही समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है। युद्ध से केवल विनाश और दर्द मिलता है, न कि स्थायी शांति।