Inkhabar Haryana, Haryana Railway Infrastructure: हरियाणा के रेल नेटवर्क को मजबूती देने के लिए केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में 3416 करोड़ रुपए की धनराशि आवंटित की है। यह राशि 2009 से 2014 के बीच राज्य को मिले 315 करोड़ रुपए की तुलना में 11 गुना अधिक है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस महत्वपूर्ण बजट आवंटन की जानकारी नई दिल्ली में दी। उन्होंने बताया कि यह निवेश प्रदेश के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को गति देगा और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा।
हरियाणा में रेलवे नेटवर्क का विस्तार
वर्ष 2014 से अब तक हरियाणा में 823 किलोमीटर रेलवे ट्रैक बिछाए जा चुके हैं, जोकि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के संपूर्ण रेल नेटवर्क के बराबर है। इसके अलावा, राज्य में 14 नए रेलवे प्रोजेक्ट्स पर तेजी से कार्य चल रहा है, जिनकी कुल लंबाई 1195 किलोमीटर होगी और इन पर 15,875 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
इन परियोजनाओं में चंडीगढ़-बद्दी, पलवल-न्यू पृथला, रेवाड़ी-खाटूवास, भिवानी-डोभ भाली, पानीपत-रोहतक, मेरठ-पानीपत, यमुनानगर-चंडीगढ़ (साढ़ौरा-नारायण), हिसार-सिरसा (अग्रोहा-फतेहाबाद) और दिल्ली-सोहना-नूंह-फिरोजपुर झिरका-अलवर जैसे महत्वपूर्ण रेलवे मार्ग शामिल हैं।
34 रेलवे स्टेशनों का होगा आधुनिककरण
रेलवे के आधुनिकीकरण के तहत हरियाणा के 34 प्रमुख रेलवे स्टेशनों को “अमृत स्टेशन” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसके लिए 1149 करोड़ रुपए की राशि निर्धारित की गई है। इन स्टेशनों में अंबाला कैंट, अंबाला सिटी, बहादुरगढ़, बल्लभगढ़, भिवानी जंक्शन, चरखी दादरी, फरीदाबाद, जींद जंक्शन, करनाल, कुरुक्षेत्र जंक्शन, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर-जगाधरी सहित अन्य स्टेशन शामिल हैं।इसके अलावा, फरीदाबाद रेलवे स्टेशन को 262 करोड़ रुपए और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन को विकसित करने के लिए विशेष योजनाएं बनाई गई हैं।
रेलवे विद्युतीकरण और सुरक्षा पर जोर
वर्ष 2014 से 2025 तक हरियाणा में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इस दौरान राज्य में 121 किलोमीटर रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण पूरा हुआ और 534 रेलवे फ्लाईओवर एवं अंडरब्रिज का निर्माण हुआ। रेलवे के आधुनिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए “कवच” सुरक्षा परियोजना के तहत 398 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई है।
हरियाणा को मिली वंदे भारत ट्रेन कनेक्टिविटी
केंद्र सरकार के प्रयासों से हरियाणा को अब तक पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की कनेक्टिविटी मिल चुकी है। इसके साथ ही, प्रदेश के 144 रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए वाई-फाई की सुविधा प्रदान की गई है, जिससे डिजिटल कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिला है।