Advertisement
Advertisement
होम / Haryana Tops In Digital Policing: हरियाणा पुलिस ने रचा इतिहास, डिजिटल पुलिसिंग में पूरे देश में फिर बना नंबर.1

Haryana Tops In Digital Policing: हरियाणा पुलिस ने रचा इतिहास, डिजिटल पुलिसिंग में पूरे देश में फिर बना नंबर.1

BY: • LAST UPDATED : August 5, 2025
Inkhabar Haryana, Haryana Tops In Digital Policing: हरियाणा पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि तकनीक के समुचित और प्रभावी उपयोग से पुलिसिंग में नई क्रांति लाई जा सकती है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) द्वारा जारी क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (CCTNS) की मासिक रैंकिंग में हरियाणा पुलिस ने पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि पिछले 20 महीनों में 17वीं बार मिली है, जो हरियाणा पुलिस की आधुनिक और स्मार्ट कार्यशैली की सशक्त पहचान बन गई है।

तकनीक आधारित पुलिसिंग का बना बेहतरीन उदाहरण

पुलिस महानिदेशक (DGP) शत्रुजीत कपूर ने इस अवसर पर सीसीटीएनएस टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता हरियाणा पुलिस की नई सोच, प्रोफेशनल अप्रोच और तकनीक के कुशल उपयोग का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने बताया कि सीसीटीएनएस और नेफिस (NATGRID) जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने न केवल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में तेजी लाई है, बल्कि जांच की प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध भी बनाया है।

उनके अनुसार कि हरियाणा पुलिस आने वाले समय में भी इसी समर्पण, नवाचार और टीमवर्क के बल पर देशभर में स्मार्ट और डिजिटल पुलिसिंग की मिसाल कायम करती रहेगी।

Advertisement

डिजिटल सिस्टम से जुड़ा हर थाना

आज प्रदेश के सभी पुलिस थानों को सीसीटीएनएस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है। इससे एफआईआर (FIR), गैर-संज्ञेय रिपोर्ट, मेडिको लीगल केस, गुमशुदगी, खोई हुई संपत्ति, अज्ञात शव, विदेशी नागरिकों का पंजीकरण, निवारक कार्रवाई, अनुसंधान रिपोर्ट, शिकायतें और उनकी प्रगति रिपोर्ट आदि प्रक्रियाएं पूरी तरह ऑनलाइन हो गई हैं। इससे न केवल प्रशासनिक कार्य में तेजी आई है, बल्कि जनता को भी पारदर्शिता और जवाबदेही का अनुभव हो रहा है।
राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (SCRB) के निदेशक शिवास कबिराज ने बताया कि सीसीटीएनएस का मूल उद्देश्य एक एकीकृत और डिजिटल अपराध जांच प्रणाली को विकसित करना है। उन्होंने बताया कि विगत दो वर्षों में SCRB ने तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं। इसके परिणामस्वरूप हरियाणा पुलिस ने लगातार राष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन

हरियाणा पुलिस का प्रदर्शन न केवल निरंतरता में, बल्कि गुणवत्ता में भी बेमिसाल रहा है। अगस्त और सितंबर 2024 में हरियाणा ने 99.99 प्रतिशत स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया था, जबकि अन्य महीनों में उसने शत-प्रतिशत स्कोर करते हुए देश में शीर्ष स्थान बनाए रखा। यह इस बात का प्रमाण है कि राज्य ने न केवल तकनीक को अपनाया है, बल्कि उसे जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू भी किया है।

प्रशिक्षण व साइबर क्राइम कंट्रोल में भी रहा आगे

हरियाणा पुलिस ने तकनीक आधारित कार्यशैली को अपनाने के साथ-साथ अपने स्टाफ को इसके लिए दक्ष भी बनाया है। राज्यभर में कुल 72 कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जिनमें पुलिसकर्मियों को डिजिटल प्रणाली के प्रभावी इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया गया। इसका सीधा लाभ साइबर अपराधों की रोकथाम में भी देखने को मिला है। राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर हरियाणा का स्कोर 100 प्रतिशत रहा है, जिसका मतलब है कि राज्य की पुलिस हर एक शिकायत को समय पर संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई कर रही है।