Inkhabar Haryana, Haryanvi Model Sheetal Murder Case: हरियाणा में हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री की उभरती मॉडल शीतल की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शीतल के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी की शिकायत के चार दिन बाद उसका शव सोनीपत की एक नहर में मिला। अब पुलिस ने आरोपी की पहचान करते हुए उसे गिरफ्तार किया है।
15 जून को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज
पानीपत की सतकरतार कॉलोनी निवासी एक महिला ने थाना मतलौडा में शिकायत दी थी कि उसकी बहन शीतल (उम्र 24 वर्ष) 14 जून को हरियाणवी एल्बम की शूटिंग के लिए अहर गांव गई थी लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार द्वारा तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने इस शिकायत पर भारतीय न्याया संहिता (BNS) की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
17 जून सुबह को नहर से मिला शव
सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला का शव नहर में तैरता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची सोनीपत पुलिस ने जब शव की पहचान कराई तो उसकी पुष्टि शीतल के रूप में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई खानपुर भेजा गया और रिपोर्ट के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
शाम को आरोपी गिरफ्तार
इसी दिन शाम को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। सीआईए वन प्रभारी सब-इंस्पेक्टर संदीप की अगुवाई में टीम ने इस मामले में मुख्य आरोपी की पहचान इसराना निवासी सुनील के रूप में की और उसे पार्क अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी सुनील ने कबूल किया कि उसने ही चाकू से शीतल की हत्या की थी। हत्या के बाद उसने गाड़ी को नहर में गिराने का नाटक रचा ताकि यह दुर्घटना लगे और वह पुलिस की पकड़ से बच सके।
पुलिस रिमांड की मांग
सीआईए प्रभारी सब-इंस्पेक्टर संदीप ने जानकारी दी कि मंगलवार को आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। रिमांड के दौरान आरोपी से हत्या में प्रयुक्त हथियार (चाकू) की बरामदगी और हत्या के पीछे की असल वजह की गहराई से जांच की जाएगी।