




Inkhabar Haryana, Heavy rain in Panchkula: हरियाणा के पंचकूला जिले के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। क्षेत्र का प्रसिद्ध पर्यटक स्थल टिक्कर ताल इन दिनों जलमग्न हो चुका है। झील का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है और सोशल मीडिया पर टिक्कर ताल का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें केबिन तक पानी पहुंच गया है और कर्मचारी अपना सामान समेटते नजर आ रहे हैं।
टिक्कर ताल, जो आमतौर पर बोटिंग, पैराग्लाइडिंग और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है, वहां वर्तमान में सभी पर्यटक गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। जलस्तर इतना बढ़ गया है कि झील किनारे बने सभी टूरिस्ट केबिन पानी में डूब गए हैं। वहां कार्यरत कर्मचारियों ने समय रहते अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
बारिश का असर केवल टिक्कर ताल तक ही सीमित नहीं है। पंचकूला से होकर गुजरने वाली घग्गर नदी भी इस समय उफान पर है। यह नदी मोरनी और हिमाचल सीमा के बारिश प्रभावित इलाकों से निकलने वाले पानी को समेटती है, जिससे बारिश के मौसम में यह अक्सर खतरनाक रूप ले लेती है। प्रशासन की ओर से लोगों को बार-बार चेतावनी दी जा रही है कि वे नदियों और नालों के नजदीक न जाएं, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग लापरवाही बरतते हुए घग्गर नदी में नहाते और घूमते देखे गए हैं। यह स्थिति प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन चुकी है।
प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से कई एहतियाती कदम उठाए हैं। नदी के किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें स्पष्ट लिखा है कि पानी का बहाव किसी भी समय तेज हो सकता है। पुलिस की टीम लगातार गश्त कर रही है और नदी किनारे मौजूद लोगों को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन ने जनहित में अपील की है कि जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता, लोग मोरनी जैसे पहाड़ी इलाकों की ओर यात्रा न करें। केवल अति आवश्यक स्थिति में ही लोग इन क्षेत्रों की ओर रुख करें। पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन और फिसलन जैसी घटनाएं आम हैं, जो यात्रियों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं।




