




Inkhabar Haryana, Himmat Singh Inspection on CET Exam Center: हरियाणा में CET परीक्षा को लेकर सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह खुद मैदान में उतरे। शनिवार को उन्होंने सबसे पहले नूंह जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद वे फरीदाबाद पहुंचे, जबकि शाम को उनका कार्यक्रम रोहतक के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण का जायजा लेंगे।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन हिम्मत सिंह ने केवल व्यवस्थाओं की जांच ही नहीं की, बल्कि परीक्षार्थियों और उनके साथ आए अभिभावकों से भी सीधा संवाद किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के बाहर इंतजार कर रहे परिजनों से बातचीत कर जाना कि क्या अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में कोई परेशानी तो नहीं हो रही, प्रशासनिक सहायता और परिवहन की स्थिति कैसी रही और समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कोई कठिनाई तो नहीं आई।
कुछ छात्रों द्वारा एडमिट कार्ड जारी न होने को लेकर उठाई जा रही आपत्तियों पर चेयरमैन ने स्पष्ट जवाब दिया। उन्होंने कहा कि देखिए, कुछ बच्चों ने फॉर्म भरा, लेकिन अगर कोई उम्मीदवार आवेदन पत्र पर साइन ही नहीं करता, तो वह प्रक्रिया अधूरी मानी जाती है। ऐसे में हम उसे वेलिड कैसे मान लें? कुछ लोग इस बात को तूल दे रहे हैं, जबकि इसमें स्पष्ट नियम हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जो छात्र इस मुद्दे को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर कर चुके हैं, यदि उन्होंने सही प्रक्रिया के तहत फॉर्म भरा और फीस जमा की है, तो उन्हें परीक्षा देने से नहीं रोका जाएगा। लेकिन जिन्होंने आवेदन की प्रक्रिया को अधूरा छोड़ा, उनके लिए आयोग कोई रियायत नहीं दे सकता।
हिम्मत सिंह ने यह भी कहा कि आयोग की प्राथमिकता परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता को बनाए रखना है। हर केंद्र पर CCTV निगरानी, धारा 144 के अंतर्गत निषेधाज्ञा, इंटरनेट सेवा पर नियंत्रण जैसी तमाम व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। आयोग यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसी भी योग्य उम्मीदवार के साथ अन्याय न हो और कोई अयोग्य उम्मीदवार प्रक्रिया का दुरुपयोग न कर सके।




