Inkhabar Haryana, Himmat Singh on CET Exam 2025: हरियाणा में 26 व 27 जुलाई को आयोजित होने जा रही CET ग्रुप-C परीक्षा को लेकर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं। इस परीक्षा में लाखों परीक्षार्थी भाग लेने जा रहे हैं और इससे पहले, आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोमवार को सोशल मीडिया पर लाइव आकर परीक्षार्थियों की तमाम शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने परीक्षा से जुड़े सभी प्रमुख बिंदुओं पर खुलकर बात की और साथ ही ठोस दिशा-निर्देश भी साझा किए।
हरियाणा से जुड़े 25% प्रश्न
हिम्मत सिंह ने बताया कि CET परीक्षा में 25 प्रतिशत सवाल हरियाणा राज्य से संबंधित होंगे, जिनमें सामान्य ज्ञान, इतिहास, कला और संस्कृति जैसे विषय शामिल होंगे। इससे अभ्यर्थियों को राज्य-स्तरीय तैयारी में मदद मिलेगी और स्थानीयता को महत्व मिलेगा।
फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
चेयरमैन ने खुलासा किया कि कई परीक्षार्थियों ने उन्हें शिकायत भेजी है कि कुछ लोग पैसे लेकर CET पास कराने का दावा कर रहे हैं। परीक्षार्थियों ने ऐसे लोगों के मोबाइल नंबर और तस्वीरें भी आयोग को भेजी हैं। हिम्मत सिंह ने बताया कि यह सारी जानकारी पुलिस को सौंप दी गई है, और जल्द ही ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यूट्यूबर्स व कोचिंग संचालकों को चेतावनी
हिम्मत सिंह ने कहा कि कुछ यूट्यूबर व कोचिंग सेंटर संचालक परीक्षा के एक-दो सत्रों के बाद ही पेपर का विश्लेषण शुरू कर देते हैं, जिससे परीक्षार्थियों पर गलत प्रभाव पड़ता है। उन्होंने अपील की कि विश्लेषण सभी चार सत्रों के बाद ही करें ताकि निष्पक्षता बनी रहे।
इस बार OMR शीट पर परीक्षार्थी भरेंगे जानकारी
इस बार परीक्षार्थियों को अपनी OMR शीट पर सभी जानकारी खुद भरनी होगी। पहले यह जानकारी प्री-फिल्ड होती थी। साथ ही, परीक्षा के दौरान 24 बुकलेट सेट में से एक परीक्षार्थी को मिलेगा, जिसकी सीलिंग की जांच मौके पर दो अभ्यर्थियों के सिग्नेचर से होगी। अगर सील टूटी हुई है, तो उस पर साइन न करें और तुरंत अधिकारियों को सूचना दें।
दिव्यांग परीक्षार्थियों को बड़ी राहत
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष सुविधा दी गई है। वे अपने ही जिले में परीक्षा दे सकेंगे। उन्हें अपना मेडिकल सर्टिफिकेट लाना होगा और वे अपने साथ 10वीं तक की योग्यता वाले सहयोगी को ला सकते हैं, जो पहचान-पत्र और योग्यता प्रमाण-पत्र साथ लाएगा।
परीक्षा केंद्रों की दूरी
परीक्षा केंद्र सभी के जिले में न हो पाने की स्थिति पर हिम्मत सिंह ने बताया कि जैसे हिसार में सबसे ज्यादा अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, इसलिए सभी को नजदीकी केंद्र देना संभव नहीं था। 2 लाख परीक्षार्थी 25-50 किमी की दूरी पर जाएंगे, 2.4 लाख परीक्षार्थी 50-75 किमी की दूरी तय करेंगे, 50 हजार परीक्षार्थी 100 किमी से अधिक दूरी से परीक्षा देंगे हालांकि उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोई शिकायत अब तक नहीं मिली है।
आरक्षित वर्ग के सर्टिफिकेट में त्रुटि सुधार का मिलेगा मौका
परीक्षा के बाद आयोग पोस्ट एग्जाम पोर्टल खोलेगा, जिसमें डीएससी, ओएससी, ओबीसी श्रेणी के अभ्यर्थी अपने प्रमाण-पत्रों की त्रुटियां सुधार सकेंगे। जिनके आवेदन में फोटो की जगह हस्ताक्षर और हस्ताक्षर की जगह फोटो है, वे पहचान पत्र के साथ परीक्षा में प्रवेश पा सकेंगे।
कुछ अहम बिंदुओं पर चेयरमैन के जवाब
CET स्कोर की वैधता 3 साल तक होगी। इस बार 4 गुना नहीं, 10 गुना अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। परीक्षा केंद्र में पेन मिलेगा, खुद से पेन-पेंसिल न लाएं। पासिंग मार्क्स: सामान्य वर्ग – 50%, आरक्षित वर्ग – 40%। पुराने और नए CET दोनों में आवेदन करने वालों को स्कोर मर्ज करने का मौका मिलेगा। कोई भी फोटोयुक्त पहचान पत्र परीक्षा में मान्य होगा। CET को हर साल आयोजित करने पर नीति अनुसार निर्णय होगा
मुफ्त बस सेवा
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हरियाणा सरकार ने 26 व 27 जुलाई को सभी परीक्षार्थियों के लिए मुफ्त बस सेवा देने का ऐलान किया है। इस उद्देश्य के लिए 9,000 बसों की व्यवस्था की गई है, और बस का खर्च सरकार व HSSC द्वारा उठाया जाएगा। परिवहन विभाग को इस संबंध में निर्देश जारी किए जा चुके हैं।