Inkhabar Haryana, Hisar News: हरियाणा का हिसार इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब केवल नागरिक उड़ानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वायुसेना के विमानों के उतरने और अभ्यास के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा। 4 से 7 फरवरी तक भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) के विमान यहां अभ्यास करेंगे, जिससे भविष्य में इस एयरपोर्ट के सैन्य उपयोग की संभावनाएं और मजबूत हो जाएंगी।
हिसार एयरपोर्ट का महत्व
हिसार एयरपोर्ट की खासियत यह है कि यह अंबाला और सिरसा एयरफोर्स स्टेशन के काफी नजदीक स्थित है। यही वजह है कि भारतीय वायुसेना इसे अपने रणनीतिक अभियानों और आपातकालीन परिस्थितियों में एक विकल्प के रूप में देख रही है। इसके अलावा, हिसार में भारतीय सेना की एक बड़ी छावनी भी स्थित है, जिससे सैन्य गतिविधियों के लिए इस एयरपोर्ट का महत्व और बढ़ जाता है।
एयरफोर्स की टीम संभालेगी कमान
रिहर्सल के दौरान सिरसा एयरफोर्स यूनिट के अधिकारी और जवान पूरे अभ्यास की निगरानी करेंगे। इस दौरान 18 पायलट और अन्य वरिष्ठ अधिकारी हिसार एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगे, जो विमानों की लैंडिंग, टेक-ऑफ और अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं का अभ्यास करेंगे।