Inkhabar Haryana, HKRN: हरियाणा रोजगार कौशल निगम के तहत हटाए गए 700 कर्मचारियों ने अपनी बहाली और रोजगार की मांग को लेकर फतेहाबाद के लघु सचिवालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हरियाणा गवर्नमेंट PWD मैकेनिकल वर्कर यूनियन के बैनर तले किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे व्यापक आंदोलन करेंगे।
700 कर्मचारी हटाए गए, 128 फतेहाबाद से
हरियाणा सरकार ने हाल ही में कौशल रोजगार निगम के तहत तैनात 700 कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया, जिनमें फतेहाबाद जिले के 128 कर्मचारी भी शामिल हैं। इन कर्मचारियों को सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग में तैनात किया गया था।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और उनकी नौकरियां बहाल करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि जिन लोगों को हटाया गया है, उनमें से कई ऐसे हैं जिन्होंने पांच साल की सेवा अवधि पूरी कर ली है, बावजूद इसके उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया।
सरकार के फैसले से नाराज कर्मचारी
PWD मैकेनिकल वर्कर यूनियन के राज्य उप-प्रधान ओमपाल और जिला सदस्य राजेंद्र सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार ने डी ग्रुप के कर्मचारियों की नई भर्तियों के बाद कौशल रोजगार निगम के तहत पहले से कार्यरत कर्मचारियों को हटा दिया है।
ओमपाल ने कहा कि यह सरकार की नीतियों में खामी को दर्शाता है। कई कर्मचारियों ने नियमों का पालन करते हुए अपनी सेवाएं दीं, लेकिन उन्हें बिना किसी ठोस कारण के हटा दिया गया।
बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि अगर उनकी नौकरी बहाल नहीं की गई तो वे जल्द ही बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर अपनी मांगों को स्पष्ट किया।
राजेंद्र सिंह ने कहा कि हमारी मांगें जायज हैं। अगर सरकार ने हमारी बात नहीं मानी तो हम सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
सरकार से कर्मचारियों की अपील
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने सरकार से अपील की है कि वे उनकी समस्याओं का समाधान करें और उन्हें दोबारा नौकरी पर रखा जाए। उनका कहना है कि अचानक नौकरी से हटाए जाने के बाद वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।