Inkhabar Haryana, HKRN Employees Protest: काफी दिनों से चल रहे हरियाणा रोजगार निगम (HKRN) कर्मचारियों के प्रदर्शन पर अब टोहाना विधानसभ क्षेत्र के कांग्रेस विधायक परमवीर सिंह का समर्थन मिला है। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष किया कि बोलने और करने में अंतर होता है।
सरकार की कथनी-करनी में अंतर
विधायक परमवीर सिंह ने कहा कि एचकेआरएन कर्मियों को हटाना पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है। विधानसभा सत्र में सीएम की जॉब सिक्योरिटी की घोषणा के बावजूद कर्मियों को हटाना न केवल उनकी आजीविका पर प्रहार है, बल्कि सरकार की घोषणाओं की गंभीरता पर भी सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि यह गलत है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
सरकार को पुनर्विचार की आवश्यकता
विधायक ने सुझाव दिया कि पक्के कर्मचारियों की नियुक्ति उचित है, लेकिन जिन स्थानों पर पद खाली हैं, वहां एचकेआरएन कर्मियों को प्राथमिकता के आधार पर नियुक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों को हटाना उनके साथ अन्याय है, और सरकार को इनकी बहाली पर विचार करना चाहिए।
विधानसभा में उठेगी आवाज
परमवीर सिंह ने भरोसा दिलाया कि वह एचकेआरएन कर्मियों के समर्थन में अपनी आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं अपनी लेटरपेड पर मुख्यमंत्री को लिखकर इन कर्मियों की बहाली की मांग करूंगा। इसके अलावा, इस मुद्दे को विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
रोजगार बचाने का संकल्प
विधायक ने कहा कि रोजगार छीनने की नीति न केवल कर्मियों बल्कि उनके परिवारों के भविष्य को भी अंधकारमय बनाती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे कर्मियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। जहां भी जरूरत होगी, मैं कर्मियों के हक के लिए लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हूं। किसी का भी रोजगार नहीं जाना चाहिए।