Inkhabar Haryana, HTET 2025: हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) को लेकर पानीपत जिले में गजब का उत्साह देखने को मिला। भारी बारिश के बावजूद परीक्षार्थियों का जोश ठंडा नहीं पड़ा। सुबह से ही शहर की सड़कों पर रेनकोट, छतरी और ई-रिक्शा में परीक्षा केन्द्रों की ओर बढ़ते परीक्षार्थियों की लंबी कतारें दिखीं। कुछ अभ्यर्थी तो भीगते हुए ही केन्द्रों पर पहुंचे, लेकिन परीक्षा देने के जज्बे में कोई कमी नहीं थी।
बारिश भी नहीं रोक सकी हौसला
बारिश की परवाह किए बिना, हजारों परीक्षार्थी समय से पहले परीक्षा केन्द्रों पर पहुँचने लगे। कुछ छात्र-छात्राएं भीगते हुए परीक्षा स्थल पर पहुँचे, तो कई अपने साथ छतरियां और रेनकोट लेकर आए थे। बारिश के चलते ई-रिक्शा और अन्य वाहन भी उम्मीदवारों को केन्द्रों तक पहुंचाने में जुटे रहे। अभ्यर्थियों की संख्या और मौसम को देखते हुए स्कूलों के बाहर भीड़-भाड़ के बावजूद अनुशासन बना रहा।
पुलिस रही पूरी तरह अलर्ट मोड पर
HTET परीक्षा को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। बारिश के बावजूद पुलिसकर्मी छतरी लेकर अपने-अपने स्थानों पर डटे रहे और परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की जांच-पड़ताल करते रहे। जिला पुलिस ने SOP के मुताबिक व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए थे। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के बाहर एवं भीतर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।
डीएसपी सतीश वत्स की जानकारी
इस संबंध में डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश वत्स ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह और शाम दोनों पालियों में HTET की परीक्षा आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि SOP के निर्देशानुसार जिले में पूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी डीएसपी को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यातायात की व्यवस्था की निगरानी खुद डीएसपी सैनी कर रहे हैं।
डीएसपी वत्स ने आगे बताया कि आवश्यकतानुसार जिले के विभिन्न स्थानों पर नाके भी लगाए गए हैं और परीक्षा केन्द्रों के हिसाब से अतिरिक्त फोर्स की भी तैनाती की गई है। पानीपत जिले के कुल 27 परीक्षा केन्द्रों पर लगभग 14 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।