Inkhabar Haryana, HTET 2025: हरियाणा में अध्यापक बनने की राह पर अग्रसर अभ्यर्थियों के लिए एक अहम पड़ाव 30 और 31 जुलाई को आने वाला है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा राज्यभर में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस परीक्षा के माध्यम से राज्य के प्राथमिक, माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर योग्य अध्यापकों का चयन किया जाता है। इस बार रोहतक और महेंद्रगढ़ जिलों में कुल 47 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन द्वारा परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा तीन स्तरों (लेवल 1, 2 और 3) में आयोजित की जाएगी।
HTET Exam 2025: मोबाइल पर लोकेशन ढूंढ रहे DC की गाड़ी को HTET कैंडिडेट ने मारी जोरदार टक्कर, फिर जो हुआ… जानें पूरी खबर
रोहतक जिले में 41 केंद्र
रोहतक जिले में इस बार कुल 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तीन सत्रों में होने वाली परीक्षा में कुल 25,374 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 30 जुलाई को लेवल-3 (PGT) की परीक्षा सायं कालीन सत्र में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर होगी, जिसमें 8,424 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर औसतन 312 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय के आदेशानुसार परीक्षा के चलते परीक्षा केंद्र बनाए गए स्कूलों में 30 और 31 जुलाई को अवकाश रहेगा। सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और निगरानी के लिए प्रशासन ने समुचित व्यवस्थाएं कर ली हैं।
महेंद्रगढ़ जिले में 36 परीक्षा केंद्र
महेंद्रगढ़ जिले में एचटेट परीक्षा का आयोजन 36 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इनमें महेंद्रगढ़ में 26 और नारनौल में 10 केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिले में कुल 22 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
30 जुलाई के दिन केवल महेंद्रगढ़ उपमंडल में लेवल-3 (PGT) की परीक्षा शाम की शिफ्ट में आयोजित होगी। इस परीक्षा में कुल 6485 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। तो वहीं, 31 जुलाई को महेंद्रगढ़ में सुबह की शिफ्ट में लेवल-2 (TGT) परीक्षा होगी, जिसमें 8112 परीक्षार्थी भाग लेंगे। शाम की शिफ्ट में फिर से लेवल-3 परीक्षा होगी, जिसमें 3791 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
नारनौल उपमंडल में केवल 31 जुलाई की सुबह
लेवल-2 परीक्षा का आयोजन होगा, जिसमें 3120 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए 10 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें निजी व सरकारी दोनों तरह के स्कूल शामिल हैं।
परीक्षार्थियों के केंद्रों का फेरबदल
इस बार जिला शिक्षा अधिकारियों ने केंद्र आवंटन में स्थानीय सुविधा का ध्यान रखा है। नारनौल, नांगल चौधरी और अटेली के परीक्षार्थियों को महेंद्रगढ़ के परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। वहीं, महेंद्रगढ़ क्षेत्र के परीक्षार्थियों को नारनौल में परीक्षा केंद्र दिए गए हैं।
सुरक्षा और सुविधाएं चाक-चौबंद
दोनों जिलों के प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से आयोजित कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। सभी केंद्रों पर उचित पुलिस बल, फ्लाइंग स्क्वॉड, सीसीटीवी निगरानी और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। परीक्षार्थियों से समय से केंद्र पर पहुंचने और परीक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।