Advertisement
Advertisement
होम / Immigration scam in Haryana: अमेरिका भेजने के नाम पर की लाखों की ठगी, एंटी इमीग्रेशन फ्रॉड यूनिट ने अंबाला से एक आरोपी दबोचा

Immigration scam in Haryana: अमेरिका भेजने के नाम पर की लाखों की ठगी, एंटी इमीग्रेशन फ्रॉड यूनिट ने अंबाला से एक आरोपी दबोचा

BY: • LAST UPDATED : June 6, 2025
Inkhabar Haryana, Immigration scam in Haryana: विदेश जाने का सपना देख रहे युवाओं को अमेरिका और कनाडा भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का एक सदस्य एंटी इमीग्रेशन फ्रॉड यूनिट की टीम के हत्थे चढ़ा है। टीम ने इस आरोपी को अंबाला से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लोगों से मोटी रकम लेकर उन्हें टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजता था, जिसके चलते उन्हें वहां से वापस लौटना पड़ता था।

16.50 लाख रुपए की ठगी का हुआ था मामला दर्ज

यह मामला मोगीनंद निवासी सुरेश कुमार के बेटे से जुड़ा हुआ है। सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उनके बेटे को अमेरिका भेजने का झांसा देकर ₹16.50 लाख रुपए की ठगी की। आरोपी ने अमेरिका का वर्क वीजा दिलवाने की बात कही थी, लेकिन वास्तविकता में केवल टूरिस्ट वीजा लगवाकर भेजा गया। वहां पहुंचने पर जब सच्चाई सामने आई, तो उसके बेटे को वापस भारत लौटना पड़ा। इस मामले की जांच कर रही एंटी इमीग्रेशन फ्रॉड यूनिट की टीम ने आरोपी रुपेश शर्मा को अंबाला से गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस को 5 दिन का रिमांड मिला है।

कैनेडा में बैठी महिला आरोपी भी पुलिस के निशाने पर

जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी से और कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुटी है। खास तौर पर कनाडा में बैठी एक महिला आरोपी की भूमिका इस ठगी में अहम मानी जा रही है, जिसे गिरफ्तार करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

Advertisement

पुलिस की चेतावनी

पुलिस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे विदेश जाने की योजना बनाते समय केवल अधिकृत एजेंटों और मान्यता प्राप्त माध्यमों का ही सहारा लें। किसी भी संदिग्ध या बगैर दस्तावेजों के ऑफर पर भरोसा न करें, क्योंकि ऐसे मामलों में भारी आर्थिक नुकसान और कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।