




Inkhabar Haryana, Independence Day 2025: रोहतक में आज राज्य स्तरीय 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पूरे उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत की और परेड की सलामी ली।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समारोह से पहले रोहतक में रात्री प्रवास किया। कार्यक्रम की भव्यता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए थे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के मद्देनजर कुल 450 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। गौरतलब है कि इस दौरान शहर में किसी भी तरह का रूट डायवर्जन लागू नहीं किया गया, जिससे आमजन को यातायात में असुविधा न हो।
मुख्य समारोह से पूर्व मुख्यमंत्री ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर स्थित राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पहुंचकर शहीदों को नमन किया। उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित कर उन वीरों की याद में मौन रखा, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राजीव गांधी खेल स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने तिरंगा फहराया। कार्यक्रम में उन्होंने खुली जीप में सवार होकर परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण किया और उन्हें सलामी दी। यह परेड राज्य पुलिस, एनसीसी, स्काउट्स, और अन्य बलों की अनुशासित और आकर्षक प्रस्तुति से सजी थी।




