




Inkhabar Haryana, Independence Day 2025 preparations: स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मंगलवार को चयनित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतिभागी टीमों ने सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में जोश और उत्साह के साथ अभ्यास किया। इस मौके पर बच्चों और जवानों ने अपने-अपने प्रस्तुतियों को बेहतर बनाने के लिए कई बार रिहर्सल की, ताकि मुख्य समारोह के दिन कोई कमी न रह जाए।
अधिकारियों के अनुसार, बुधवार सुबह 9 बजे से फाइनल फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी। इस दौरान पूरे कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट पूर्वाभ्यास किया जाएगा। उपायुक्त अजय कुमार स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि समारोह के दिन सभी तैयारियां सुचारु रूप से पूरी हों।
स्वतंत्रता दिवस के दिन मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ध्वजारोहण करेंगे। वे परेड का निरीक्षण करने के साथ-साथ मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इसके बाद वे जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस का संदेश देंगे और शहीदों के परिजनों का सम्मान करेंगे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
फुल ड्रेस रिहर्सल में मुख्य अतिथि का स्वागत, ध्वजारोहण, सलामी, परेड निरीक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति और सम्मान समारोह का क्रमवार अभ्यास होगा। इसमें पुलिस, होम गार्ड, सिविल डिफेंस, एनसीसी, स्टूडेंट पुलिस कैडेट, ट्रैफिक पुलिस सहित विभिन्न टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया जाएगा।
सीटीएम सपना यादव ने बताया कि इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों की बड़ी भागीदारी होगी। 2047 स्कूली बच्चे एक साथ ‘वंदे मातरम’ गीत पर शानदार प्रस्तुति देंगे, जिसका विषय होगा ‘विकसित भारत’। इसके अलावा योगा, पीटी, डंबल व लेजियम शो भी समारोह की शान बढ़ाएंगे।




