Inkhabar Haryana, INLD leader Jitender Sheoran Bribery Case: हरियाणा के हिसार में मंगलवार रात एक चौंकाने वाली कार्रवाई में इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के नेता जितेंद्र श्योराण को 8 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी स्पेशल स्टाफ पुलिस टीम ने सेक्टर 9-11 स्थित उनके घर पर की, जहां एक बिचौलिया कथित रूप से होटल मालिक से ली गई रकम लेकर पहुंचा था।
क्या हैं पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, इस घटनाक्रम की शुरुआत पिछले सप्ताह हुई थी जब जितेंद्र श्योराण ने शहर के एक नामी होटल ‘तमस’ के मालिक साहिल अग्रवाल पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVPA) की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया था। इस शिकायत के आधार पर HSVP के संपदा अधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया और होटल मालिक को अतिक्रमण हटाने के लिए चेतावनी जारी की।
समझौते के नाम पर रिश्वत की डील
इस दौरान जितेंद्र श्योराण और होटल मालिक के बीच एक बिचौलिये राजबीर के माध्यम से संपर्क स्थापित हुआ। आरोप है कि समझौते के बदले 8 लाख रुपये की डील तय की गई, ताकि अतिक्रमण की कार्रवाई को रोका जा सके या मामला रफा-दफा किया जा सके। मंगलवार रात करीब 10 बजे राजबीर उक्त राशि का थैला लेकर जितेंद्र श्योराण के घर पहुंचा। जैसे ही थैला उन्हें सौंपा गया, पहले से मौके पर निगरानी कर रही स्पेशल स्टाफ टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया।
स्पेशल स्टाफ की रणनीतिक गिरफ्तारी
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व इंस्पेक्टर पवन ने किया। पुलिस पहले से ही मामले की गोपनीय जांच कर रही थी और उन्हें सूचना मिल गई थी कि डील फाइनल हो चुकी है। जाल बिछाकर जैसे ही लेन-देन हुआ, टीम ने मौके पर दबिश दी और INLD नेता को रंगे हाथों पकड़ लिया। जितेंद्र श्योराण की गिरफ्तारी से राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है। INLD की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और इस डील से जुड़े अन्य लोगों की भी भूमिका खंगाली जा रही है।