




Inkhabar Haryana, Internet Ban in Bhiwani: हरियाणा में शिक्षक मनीषा हत्याकांड के बाद से तनाव और आंदोलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा ने नए आदेश जारी करते हुए भिवानी और चरखी दादरी जिलों में मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस और डोंगल सेवाओं पर लगी रोक को अगले 24 घंटों के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गृह विभाग ने 19 अगस्त 2025 को सुबह 11 बजे से लेकर 21 अगस्त 2025 सुबह 11 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद करने का आदेश दिया था। हालांकि हालात सामान्य न होने और तनाव बरकरार रहने के कारण अब इस रोक को और बढ़ा दिया गया है। इसके तहत इंटरनेट सेवाएं अब 22 अगस्त 2025 तक बंद रहेंगी।
अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड के बाद कई जगहों पर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन को आशंका है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर पर भड़काऊ सामग्री और अफवाहें तेजी से फैल सकती हैं, जिससे शांति व्यवस्था और बिगड़ सकती है। इसी खतरे को देखते हुए इंटरनेट सेवाएं रोकने का फैसला लिया गया है।
नए आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आंदोलन और विरोध प्रदर्शनों के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की आशंका है। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता कानून व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और हालात सामान्य होने पर ही इंटरनेट सेवाएं बहाल की जाएंगी।




