होम / Jagmohan Anand: करनाल विधायक ने अधिकारियों को दी चेतावनी, जनता के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

Jagmohan Anand: करनाल विधायक ने अधिकारियों को दी चेतावनी, जनता के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

BY: • LAST UPDATED : December 20, 2024
Inkhabar Haryana, Jagmohan Anand: भाजपा विधायक जगमोहन आनंद ने करनाल की जनता के मुद्दों को लेकर एक प्रेस वार्ता की और महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि उनके हित के हर मुद्दे पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जनता के लिए काम न करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

एनडीआरआई गेट खोलने की मांग पूरी

लंबे समय से करनाल की जनता एनडीआरआई (नेशनल डेयरी रिसर्च इंस्टीट्यूट) के गेट को शहरवासियों के लिए खोलने की मांग कर रही थी। विधायक जगमोहन आनंद ने इस मांग को पूरा करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि एनडीआरआई गेट अब ट्रायल बेस पर तीन महीने के लिए जनता के लिए खुल गया है। यह फैसला सीएम नायब सिंह सैनी और केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ हुई बातचीत के बाद लिया गया। उन्होंने कहा कि सुबह सैर करने के लिए यह गेट जनता के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगा।

अधिकारियों को सख्त चेतावनी

विधायक आनंद ने अधिकारियों को सीधा संदेश देते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी अगर जनता के लिए काम नहीं करता या भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी कुछ अधिकारियों का ट्रांसफर करवाया है। मुझे काम लेना और करवाना आता है। करनाल में रामराज स्थापित करना मेरी प्राथमिकता है।

जनता के मुद्दों पर फोकस

विधायक ने बताया कि अपने कार्यकाल के 100 दिनों में वह 20,000 से अधिक लोगों से मिल चुके हैं और उनकी समस्याएं सुनी हैं। उन्होंने वादा किया कि जो वादे उन्होंने चुनाव के समय किए थे, उन्हें पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

ड्राइविंग लाइसेंस की समस्या का समाधान

जगमोहन आनंद ने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने इस मुद्दे पर चंडीगढ़ में अधिकारियों से चर्चा की है और जल्द ही समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

विधायक ने करनाल में बढ़ते ट्रैफिक की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार (मेन बाजार) के फ्लाईओवर के निर्माण पर विचार किया जा रहा है, ताकि ट्रैफिक की समस्या का समाधान हो सके।

चुनाव में पक्षपात करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई

विधायक ने बताया कि चुनाव के दौरान कुछ अधिकारियों ने पार्टी कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास किया था। ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार कर ली गई है और उन्हें चंडीगढ़ भेज दिया गया है।
जगमोहन आनंद ने कहा कि पहली बार विधायक बनने के बाद जनता का विश्वास जीतने और समस्याओं का समाधान करने में वह पूरी तरह से जुटे हुए हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे उनकी सरकार और नीतियों पर भरोसा बनाए रखें।