Advertisement
Advertisement
होम / Jakir Hussain Meet Dinesh Kumar Family: सर्जिकल स्ट्राइक में शहीद हुए हरियाणा के लाल को श्रद्धांजलि देने पहुंचे जाकिर हुसैन, बोले- “देश को गर्व है ऐसी शहादत पर”

Jakir Hussain Meet Dinesh Kumar Family: सर्जिकल स्ट्राइक में शहीद हुए हरियाणा के लाल को श्रद्धांजलि देने पहुंचे जाकिर हुसैन, बोले- “देश को गर्व है ऐसी शहादत पर”

BY: • LAST UPDATED : May 9, 2025
Inkhabar Haryana, Jakir Hussain Meet Dinesh Kumar Family: भारतीय सेना द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में किए गए सर्जिकल स्ट्राइक में आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त कर करारा जवाब दिया गया। इसी मिशन के दौरान हरियाणा के पलवल जिले के गांव मोहम्मदपुर गुलाबद के वीर सैनिक लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी शहादत को नमन करने और परिवार को ढांढस बंधाने के लिए आज हरियाणा अल्पसंख्यक मोर्चा के चेयरमैन जाकिर हुसैन शहीद के निवास स्थान पहुंचे।

गांव के युवाओं में देशभक्ति का जज्बा

जाकिर हुसैन ने शहीद के परिवार से मुलाकात कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोहम्मदपुर गुलाबद गांव के युवा देश सेवा में आगे हैं और शहीद दिनेश कुमार शर्मा के दो छोटे भाई भी भारतीय सेना में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि यह गांव वास्तव में राष्ट्रभक्ति की मिसाल है। देश को दिनेश कुमार शर्मा जैसे बहादुर सैनिकों पर गर्व है।

शहादत बेकार नहीं जाएगी

जाकिर हुसैन ने आगे कहा कि दिनेश की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। पूरा देश उनके बलिदान को सलाम करता है। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर हमला कर पाकिस्तान ने कायरता दिखाई है, जिसका जवाब भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक के ज़रिए दिया है। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में की गई, जो यह दर्शाता है कि भारत अब चुप नहीं बैठता।

Advertisement

आतंक के खिलाफ सख्त संदेश

अल्पसंख्यक मोर्चा चेयरमैन ने पाकिस्तान को दो टूक शब्दों में कहा कि अगर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया, तो उसका अंजाम बेहद बुरा होगा। उन्होंने कहा कि अब भारत आतंकवाद के खिलाफ पूरी मजबूती से खड़ा है, और सेना को पूरी छूट दी गई है कि वह देश के दुश्मनों को उन्हीं की भाषा में जवाब दे। शहीद दिनेश कुमार शर्मा को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। हर किसी की आंखें नम थीं, पर गर्व से सिर ऊंचा था।