फोरेंसिक रिपोर्ट ने खोले कई राज़
ज्योति के डिजिटल उपकरणों से प्राप्त 12 टीबी डेटा में से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, संचार रिकॉर्ड, फाइल ट्रांसफर लॉग और सोशल मीडिया गतिविधियां सामने आई हैं। इन सूचनाओं की गहन जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या संवेदनशील जानकारी साझा की गई थी और उसका इस्तेमाल किस तरह से किया गया।
केंद्रीय एजेंसियों की पहले से थी नजर
सूत्रों के मुताबिक, ज्योति मल्होत्रा पर पहली पाकिस्तान यात्रा के बाद ही केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की नजर थी। पाकिस्तान दौरे के बाद उसे स्पेशल वीजा दिया गया था, जो सामान्य यात्रियों को नहीं मिलता। यह वीजा संकेत था कि उसके संपर्क पाकिस्तानी इंटेलिजेंस नेटवर्क से काफी गहरे थे।
ज्योति के संपर्क में थे 4 पाकिस्तानी जासूस
जांच में यह भी सामने आया है कि ज्योति कम से कम चार पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में थी। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि उसे ब्रेनवॉश करके ‘मेजर एसेट’ के रूप में तैयार किया जा रहा था ताकि वह भारत के भीतर रहकर सूचनाएं निकाल सके। उसके जरिए पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (PIO) अपना नैरेटिव सेट करने की कोशिश कर रहे थे।
सॉफ्ट टारगेट की तरह किया गया इस्तेमाल
ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों ने एक सॉफ्ट टारगेट के तौर पर चुना था, जिसका इस्तेमाल आसानी से किया जा सके। खास बात यह है कि वह उन संपर्कों की पहचान जानती थी, फिर भी लगातार उनके साथ संवाद में थी। यह स्थिति सुरक्षा एजेंसियों के लिए विशेष चिंता का विषय बन चुकी है।
मनी ट्रेल पर भी पुलिस की पैनी नजर
हिसार पुलिस अब ज्योति के पास आए संदिग्ध पैसों की जांच भी कर रही है। यह पैसे किस स्रोत से आए, किस खाते में डाले गए, और इनका क्या उपयोग हुआ—इन सभी सवालों पर बारीकी से पड़ताल हो रही है। इन मनी ट्रेल्स से भी जासूसी नेटवर्क की आर्थिक रीढ़ को समझने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, पुलिस को अभी तक यह कोई ठोस सबूत नहीं मिला है कि ज्योति ने किसी प्रकार की संवेदनशील या गोपनीय सरकारी जानकारी साझा की हो। लेकिन उसके डिजिटल footprint और संदिग्ध संपर्कों को देखकर उसे हल्के में नहीं लिया जा रहा।