Inkhabar Haryana, Kanina Municipal Election 2025: हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की कनीना नगर पालिका में चुनावी प्रक्रिया की घोषणा के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बार नगर पालिका के प्रधान पद के लिए सीट महिलाओं के लिए आरक्षित की गई है, जिससे महिला उम्मीदवारों में चुनावी उत्साह बढ़ गया है। पहली बार जनता अपने प्रधान का सीधा चुनाव करेगी, जिससे यह चुनाव और भी खास हो गया है। प्रशासन ने भी चुनाव को सुचारू रूप से कराने के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
महिला प्रधान के लिए खुला रास्ता
हरियाणा में निकाय चुनावों को लेकर ड्रा निकाला गया था, जिसमें कनीना नगर पालिका की प्रधान सीट को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया। पहले पार्षद अपने बीच से प्रधान का चुनाव करते थे, लेकिन इस बार जनता सीधे अपने प्रधान को चुनेगी। इस नई प्रक्रिया से चुनावी मुकाबला अधिक दिलचस्प हो गया है।
कनीना नगर पालिका में कुल 14 वार्ड हैं और 10,409 मतदाता इस बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रधान व पार्षदों का चुनाव करेंगे। महिलाओं के लिए सीट आरक्षित होने के बाद कई महिला उम्मीदवारों ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कस्बे में जगह-जगह होर्डिंग लगाए जा रहे हैं और उम्मीदवार मतदाताओं से संपर्क कर अपनी जीत को सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।
चुनाव प्रक्रिया और प्रशासन की तैयारियां
चुनाव आयोग द्वारा नगर पालिका चुनावों के लिए 2 मार्च को मतदान की तिथि निर्धारित की गई है। इस चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 11 फरवरी से 17 फरवरी तक चलेगी। इसके बाद 19 फरवरी को उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।
कनीना के SDM जितेंद्र कुमार ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने आज सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और चुनावी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने की बात कही। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।