Inkhabar Haryana, Karan Deep Singh property seized: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तृणमूल कांग्रेस के पूर्व सांसद कंवरदीप सिंह के बेटे करणदीप सिंह की 127.33 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली। यह जब्ती हरियाणा के पंचकुला स्थित एल्केमिस्ट ग्रुप और उससे जुड़ी कंपनियों की संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की जांच के तहत की गई है।
शुरुआत कहां से हुई?
इस मामले की शुरुआत कोलकाता पुलिस द्वारा दर्ज की गई एक एफआईआर से हुई थी, जिसमें एल्केमिस्ट ग्रुप, उसकी सहयोगी कंपनियों और प्रमोटरों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी (षड्यंत्र) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत केस दर्ज किया गया। इसके बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो ने भी इस मामले में मुकदमे दर्ज किए।
क्या है आरोप?
ईडी को संदेह है कि एल्केमिस्ट ग्रुप ने निवेशकों को गुमराह कर गलत तरीके से धन एकत्र किया और उसे रियल एस्टेट, हेल्थकेयर और अन्य क्षेत्रों में घुमा दिया। इस कथित धोखाधड़ी में एल्केमिस्ट टाउनशिप, एल्केमिस्ट इंफ्रा रियलिटी, और अन्य सहयोगी संस्थाएं संलिप्त पाई गई हैं।
ईडी की कार्रवाई का क्रम
- 12 जनवरी 2021: ईडी ने इस केस में कंवरदीप सिंह को गिरफ्तार किया।
- 2 मार्च 2021: नई दिल्ली स्थित पीएमएलए (PMLA) कोर्ट में ईडी ने पहली अभियोजन शिकायत दाखिल की।
- 19 जुलाई 2024: जांच के विस्तार के बाद एक पूरक अभियोजन शिकायत भी दाखिल की गई।
- अब तक: ईडी पांच अलग-अलग आदेशों के तहत कुल 238.42 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति अस्थायी रूप से जब्त कर चुकी है।
127.33 करोड़ की ताजा जब्ती
बुधवार को की गई 127.33 करोड़ की संपत्ति जब्ती करणदीप सिंह और उनसे जुड़ी कंपनियों की है। ईडी के अनुसार, ये संपत्तियां हरियाणा के पंचकुला स्थित एल्केमिस्ट हॉस्पिटल और ओजस हॉस्पिटल से संबंधित हैं, जिनके लाभार्थी मालिक करणदीप सिंह हैं। जांच में पाया गया कि इन संपत्तियों का अधिग्रहण निवेशकों से धोखाधड़ी कर जुटाए गए धन से किया गया था।
क्या है एल्केमिस्ट ग्रुप?
एल्केमिस्ट ग्रुप कभी हेल्थकेयर, हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में सक्रिय एक प्रमुख कॉरपोरेट नाम रहा है। लेकिन समय के साथ कंपनी पर वित्तीय अनियमितताओं और निवेशकों को गुमराह करने के आरोप लगते गए।
CET Exam 2025 Arrangement in Sirsa: CET एग्जाम को लेकर सिरसा में पूरे हुए पुख्ता इंतजाम, 9 जगहों पर बने हेल्प डेस्क