




Karnal News: करनाल के जिला सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने इंसानियत की मिसाल पेश की। उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी टिल्लू नामक व्यक्ति, जो एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था, का सफल ऑपरेशन कर उसे नया जीवन दिया गया। 18 सितंबर को अस्पताल चौक के पास टिल्लू को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी कुल्हे की हड्डी टूट गई और वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया।
घटना के बाद टिल्लू को किसी ने ट्रामा सेंटर के बाहर छोड़ दिया। जब अस्पताल ने उसके परिवार से संपर्क किया, तो परिवार वालों ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया। इस कठिन परिस्थिति में जिला नागरिक अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ ने उसकी जिम्मेदारी उठाई। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कार्तिक दुआ और उनकी टीम ने पीएमओ डॉ. बलवान सिंह की सहायता से ऑपरेशन के दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर किए और सभी जरूरी चिकित्सा जांचें की गईं।
ऑपरेशन के लिए जरूरी सामान भी डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने मिलकर जुटाया। 24 अक्तूबर की सुबह टिल्लू का सफल ऑपरेशन किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में जन सेवा दल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिन्होंने टिल्लू के खान-पान और कपड़ों की व्यवस्था की। करीब 25 दिनों की कड़ी मेहनत और देखभाल के बाद टिल्लू अपने पैरों पर खड़ा हो सका।
टिल्लू ने अपनी हालत में सुधार के बाद डॉक्टरों, पीएमओ और स्टाफ को धन्यवाद कहा। इस घटना ने साबित किया कि डॉक्टर केवल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि असली जीवनदाता भी होते हैं, जो इंसानियत की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।




