Inkhabar Haryana, Karnal News: एक बेहद चौंकाने वाली घटना में करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में सोमवार रात एक युवक ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में रेफर कर दिया गया।
क्या हैं पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार रात लगभग 8:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, करनाल जिले के रांवर गांव निवासी रजत शर्मा अपनी गर्भवती पत्नी को इलाज के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर आया था। पत्नी की देखभाल के लिए परिवार की ओर से उसकी दादी भी अस्पताल पहुंची थीं।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में किसी बात को लेकर रजत की पत्नी और उसकी दादी के बीच कहासुनी हो गई थी। इस कहासुनी का असर इतना गहरा हुआ कि रजत मानसिक रूप से व्यथित हो गया। परिवार के अनुसार, रजत को दादी की ओर से कुछ तीखे और अपमानजनक शब्द कहे गए, जिससे आहत होकर उसने अस्पताल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
परिजनों ने जताई नाराजगी
छलांग लगाते ही रजत को अस्पताल स्टाफ ने तुरंत उठाकर आपातकालीन वार्ड में पहुंचाया। हालांकि परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ने उसे समय रहते जरूरी इलाज नहीं दिया। परिजन इस बात से भी नाराज हैं कि मेडिकल कॉलेज जैसा बड़ा अस्पताल गंभीर हालत में आए मरीज को रेफर कर देता है। फिलहाल, रजत को चंडीगढ़ पीजीआई में एडमिट कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद परिवार में तनाव का माहौल है। गांव के ही प्रत्यक्षदर्शी प्रताप ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही की वजह से मामला बिगड़ा। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल ने रजत के इलाज में देरी की और खुद को जिम्मेदारी से अलग कर लिया। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक किसी पर कोई केस दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।