Inkhabar Haryana, Karnal Road Accident: हरियाणा के करनाल में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक क्रेटा कार अनियंत्रित होकर पश्चिमी यमुना नहर में जा गिरी। हादसा कैथल पुल के पास हुआ, जिसमें कार सवार दंपती अमित मिगलानी और उनकी पत्नी निशा नहर में समा गए। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान महिला का शव कार से बरामद कर लिया गया, जबकि पति की तलाश अब भी जारी है।
क्या हैं पूरा मामला?
मंगलवार की रात लगभग 9:30 बजे अमित और निशा को करनाल के कलंदरी गेट के पास देखा गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों सामान्य अवस्था में नजर आ रहे थे और किसी भी तरह की जल्दबाजी या असामान्यता नहीं दिखी। माना जा रहा है कि दोनों रात को घूमने के लिए निकले थे। परिजन भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि घर में किसी प्रकार की परेशानी नहीं थी, और यह महज एक सामान्य दिन जैसा ही था।
कुछ ही देर बाद, उस सामान्य दिन की तस्वीर अचानक बदल गई। कैथल पुल के पास तेज गति से आती हुई क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सीधे यमुना नहर में जा गिरी। घटनास्थल के पास मौजूद लोगों ने शोर सुना और तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने हाइड्रा मशीन की मदद से कार को बाहर निकाला।
समय रहते मदद नहीं मिल पाई
स्थानीय गोताखोर कर्ण, जो घटनास्थल के पास मौजूद थे, ने बिना समय गंवाए बाइक छोड़कर नहर में छलांग लगा दी। कर्ण बताते हैं कि गाड़ी नहर में कुछ दूरी पर थी, मैंने उसे पकड़ा। गाड़ी के अंदर से महिला को निकालने की कोशिश की, लेकिन सीट बेल्ट लगी होने के कारण सफल नहीं हो सका। थोड़ी देर बाद पुलिस और अन्य गोताखोरों की मदद से महिला को बाहर निकाला गया। गाड़ी के अंदर से जोर-जोर से “बचाओ-बचाओ” की आवाजें भी सुनाई दी थीं, जिससे ये साफ हुआ कि हादसे के वक्त दोनों जीवित थे। लेकिन समय रहते पूरी मदद नहीं पहुंच पाई।
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी श्रीभगवान ने बताया कि गाड़ी सेक्टर-13 निवासी अमित मिगलानी की थी, जिनका असंध में फर्नीचर का कारोबार है। गाड़ी का एक शीशा टूटा हुआ पाया गया, जो उस तरफ था जहां महिला बैठी थी। गाड़ी के अंदर से दो मोबाइल फोन और चाबी भी बरामद हुई है। अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि कार नहर में कैसे गिरी। हादसे की असल वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है। क्या यह हादसा महज दुर्घटनावश हुआ या इसके पीछे कोई और कारण था? पुलिस मामले की हर कोण से जांच कर रही है।
विधायक ने लिया घटनास्थल का जायजा
असंध से विधायक योगेंद्र राणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन और गोताखोरों की टीमें सक्रिय हो गई थीं। महिला का शव कार से निकाल लिया गया है और पति की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।