Advertisement
Advertisement
होम / Kiran Chaudhary on Bhiwani Railway Station Renovation: अमृत भारत योजना से सजेगा हरियाणा का ये स्टेशन, सांसद किरण चौधरी ने किया निरीक्षण, कहा- “हर वर्ग के लिए…”

Kiran Chaudhary on Bhiwani Railway Station Renovation: अमृत भारत योजना से सजेगा हरियाणा का ये स्टेशन, सांसद किरण चौधरी ने किया निरीक्षण, कहा- “हर वर्ग के लिए…”

BY: • LAST UPDATED : July 19, 2025

Inkhabar Haryana, Kiran Chaudhary on Bhiwani Railway Station Renovation: देशभर में रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भिवानी रेलवे स्टेशन भी आधुनिक रूप ले रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने भिवानी रेलवे स्टेशन पर चल रहे नवीनीकरण और सौंदर्यकरण कार्यों का निरीक्षण किया और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

सांसद किरण चौधरी ने पीएम मोदी का किया धन्यवाद

सांसद चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि अमृत भारत योजना देश के 1275 प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी और व्यापक पहल है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस योजना के तहत भिवानी स्टेशन को शामिल किया जाना जिले के लिए एक बड़ा सौभाग्य है। यह योजना यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के साथ-साथ स्टेशन को सुंदर, स्वच्छ और तकनीकी रूप से उन्नत बना रही है।

भव्य प्रवेश द्वार से लेकर स्मार्ट सुविधाएं तक

नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए चौधरी ने स्टेशन पर बन रहे भव्य प्रवेश द्वार, फुट ओवर ब्रिज, वाहन पार्किंग, महिला शौचालय, विशिष्ट वेटिंग रूम, व अति विशिष्ट प्रतीक्षा कक्ष जैसी सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्टेशन की वर्तमान स्थिति को देखकर यह स्पष्ट है कि यह क्षेत्र जल्द ही आधुनिक यातायात का महत्वपूर्ण केंद्र बन जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस योजना के पहले चरण में भिवानी रेलवे स्टेशन पर करीब 14.5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

Advertisement

बंसीलाल की विरासत का गौरव

किरण चौधरी ने इस मौके पर अपने पिता, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रेल मंत्री चौधरी बंसीलाल को भी याद किया। उन्होंने बताया कि बंसीलाल जी के प्रयासों से ही भिवानी को रेलवे स्टेशन मिला था, जब इस क्षेत्र में सुविधाओं का अभाव था। आज इस स्टेशन का जो स्वरूप है, वह चौधरी बंसीलाल की दूरदर्शिता और विकासवादी सोच का प्रमाण है।

स्थानीय समस्याओं पर गंभीरता से विचार

निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्टेशन पर यात्रियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। यात्रियों ने फुट ओवर ब्रिज के विस्तार की मांग की, जिस पर चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने एक महत्वपूर्ण मुद्दे की ओर भी ध्यान आकर्षित किया हिसार से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों का भिवानी मुख्य स्टेशन से न होकर सिटी स्टेशन से गुजरना। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को असुविधा हो रही है और इस विषय को वह राज्यसभा में उठाएंगी।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर वर्ग के लिए काम कर रहे हैं और उनके नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने विशेष तौर पर सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए सरकार की सराहना की, जिससे अलग-अलग राज्यों की संस्कृतियों को समझने और आपस में जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

मौके पर मौजूद रहे अनेक गणमान्य नागरिक

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, अमर सिंह हालुवासिया, हरि सिंह सांगवान, मीनू अग्रवाल, प्रदीप गोलागढ़, डॉ. जय सिंह, राजकुमार जांगड़ा, पार्षद अंकुर कौशिक, रविंद्र खरे सहित अनेक स्थानीय नेता और नागरिक मौजूद रहे। रेलवे से एडीआरएम रुपेश यादव, सीनियर डीसीएम भूपेश यादव, स्टेशन अधीक्षक उदय राज, यात्री सुविधा प्रबंधक दीपक कुमार, और सीएमआई गौतम जांगड़ा सहित अन्य अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल रहे।