Advertisement
Advertisement
होम / Krishan Bedi: कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने हरियाणा के इस गांव को दी करोड़ों की सौगात, बोले – “अब गांव भी शहरों से…”

Krishan Bedi: कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने हरियाणा के इस गांव को दी करोड़ों की सौगात, बोले – “अब गांव भी शहरों से…”

BY: • LAST UPDATED : August 4, 2025
Inkhabar Haryana, Krishan Bedi: हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने रविवार को नरवाना हलके के ऐतिहासिक गांव धमतान साहिब को विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक तोहफा देते हुए गांववासियों को 72 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अब गांवों को केवल शहरों के बराबर नहीं, बल्कि उनसे आगे ले जाने की दिशा में काम कर रही है।

66 करोड़ की शिविर महा ग्राम योजना की सौगात

मंत्री बेदी ने बताया कि 66 करोड़ रुपये की लागत से गांव में सीवरेज और पेयजल व्यवस्था को पूरी तरह अपग्रेड किया जाएगा। इसके तहत नहर से शुद्ध पानी लाकर गांव के हर घर तक पहुंचाया जाएगा। यह योजना पहले ही सरकार द्वारा स्वीकृत की जा चुकी है और जल्द ही कार्य भी शुरू हो जाएगा।

गांव को आसपास के क्षेत्रों से जोड़ने के लिए 4 नई सड़कों का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है। वहीं, 2 करोड़ रुपये की लागत से धमतान साहिब की अनाज मंडी में अधोसंरचना को मजबूत किया जा चुका है, जिससे किसानों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Advertisement

90 विकास कार्यों को मिली मंजूरी

गांव के सरपंच द्वारा सौंपे गए 90 विकास कार्यों की सूची को मंत्री ने मौके पर ही मंजूरी दी। इनमें धर्मशालाएं, स्कूल कक्ष, शौचालय, खेल मैदान, नालियां, कंप्यूटर लैब जैसी बुनियादी और सामाजिक सुविधाएं शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि विकास केवल एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि गांव के हर मोहल्ले, हर जाति और हर वर्ग के लिए होगा।

17 अगस्त को नरवाना को भी मिलेंगी ऐतिहासिक घोषणाएं

मंत्री ने यह भी ऐलान किया कि 17 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सैनी नरवाना क्षेत्र का दौरा करेंगे और धमतान साहिब की तरह ही नरवाना को भी बड़ी योजनाओं की सौगात दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आज जो उत्साह धमतान साहिब में देखने को मिला है, उससे भी बड़ा दृश्य 17 अगस्त को नरवाना में दिखेगा।

कांग्रेस पर तीखा हमला

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने जनसेवा के नाम पर केवल निजी हित साधे हैं। जब जिम्मेदारी मिली, तब आंखें मूंदी रखीं और आज जब जनता साथ नहीं है तो अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

गांववासियों ने किया भव्य स्वागत

मंत्री बेदी के आगमन पर गांववासियों ने सैकड़ों ट्रैक्टरों के काफिले, फूल मालाओं, ढोल-नगाड़ों और मोमेंटो के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर बुजुर्ग महिलाएं, युवाओं की टीम और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। यह दृश्य इस बात का प्रतीक था कि जनता सरकार की योजनाओं और नीतियों पर गहरा विश्वास कर रही है।