Inkhabar Haryana, Krishan Bedi: हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी जींद में संत शिरोमणि गुरु रविदास की जंयती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने गुरु रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और सामाजिक कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
डोंकी रूट से डिपोर्ट हुए लोगों को मिलेगा समाधान
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि अवैध तरीके से अमेरिका जाकर डिपोर्ट हुए हरियाणा के युवाओं की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार उन सभी लोगों के साथ खड़ी है, जो डोंकी रूट से अमेरिका गए और अब मजबूरी में वापस लौट आए हैं। हरियाणा सरकार उन युवाओं की समस्याओं को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो अवैध मार्ग से अमेरिका गए और वहां से डिपोर्ट होकर लौटे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी और इस पूरे नेटवर्क की जांच के लिए उचित कदम उठाएगी।
“विपक्ष को नहीं मिलेगा मौका”- बेदी
निकाय चुनाव को लेकर मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी और विपक्ष को कोई मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में किसी भी प्रत्याशी का कोई विरोध नहीं है और पार्टी पूरी तरह से संगठित है।
संत रविदास जयंती पर कई घोषणाएं
मंत्री कृष्ण बेदी ने संत रविदास जयंती के अवसर पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
- रामराय गेट पर स्थित संत कबीर संघ और रविदास मंदिर के लिए ई-लाइब्रेरी की स्थापना
- चंद्र लोको कॉलोनी स्थित नायक धर्मशाला के लिए 5 लाख रुपये की सहायता राशि
- विक्रम कॉलोनी स्थित संत कबीर कल्याण संघ के लिए 11 लाख रुपये की धनराशि
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सामाजिक एकरूपता और संत महापुरुषों की शिक्षाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
भाजपा सरकार कर रही हर वर्ग का सम्मान
मंत्री बेदी ने कहा कि पहले की सरकारों ने संत महापुरुषों की जयंतियों को मनाने पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन भाजपा सरकार ने इन जयंती समारोहों को सरकारी स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि इससे समाज के हर वर्ग को समान सम्मान मिला है और सभी जातियों व समुदायों को एकजुट करने में मदद मिली है।
महापुरुषों की शिक्षाओं को अपनाने का आह्वान
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास, संत कबीर और अन्य महापुरुषों ने समाज से कुरीतियों को मिटाने के लिए संघर्ष किया था, और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज को उन्नति की ओर ले जाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इन महापुरुषों की शिक्षाओं से अवगत कराएं और उन्हें नैतिक मूल्यों से जोड़ें। बीजेपी के जिला प्रधान तेजिंद्र ढूल ने मंत्री बेदी का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि CM नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य का हर क्षेत्र और वर्ग विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
Vaishali News: शाही विदाई! हेलीकॉप्टर से मायके लौटी बिटिया, गांववालों में दिखा उत्साह, जानें पूरी खबर